कम स्टॉक तथा त्यौहारी मांग से हल्दी का भाव तेज होने की उम्मीद

12-Sep-2024 04:20 PM

मुम्बई । पिछले कुछ महीनों से हल्दी का भाव नरम चल रहा था मगर अब इसमें पहले स्थिरता और फिर तेजी आने की उम्मीद है।

जानकारों के अनुसार मौजूदा स्तर के मुकाबले नवम्बर के प्रथम सप्ताह तक इसके दाम में करीब 10 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है।

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक हल्दी का स्टॉक कम है और भारी वर्षा, जल- जमाव एवं बाढ़ से फसल को नुकसान होने की सूचना भी मिल रही है जबकि त्यौहारी मांग निकलनी शुरू हो गई है। 

उल्लेखनीय है कि 27 मई को हल्दी का वायदा भाव तेजी से उछलकर 20,430 रुपए प्रति क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंच गया था लेकिन उसके बाद घटते हुए जुलाई में यह 15,000 रुपए प्रति क्विंटल और फिर अगस्त के अंतिम सप्ताह में 13000 रुपए प्रति क्विंटल की रेंज में आ गया।

इस गिरावट का मुख्य कारण बांग्ला देश में निर्यात काफी घट जाना रहा है जबकि कॉमोडिटी एक्सचेंज में निवेशकों / सटोरियों की मुनाफावसूली को भी इसका एक महत्वपूर्ण कारण माना गया।

समीक्षकों के अनुसार आगामी समय में हल्दी की कीमतों में स्थिरता एवं तेजी का माहौल बना रहेगा और नवम्बर के प्रथम सप्ताह तक इसका भाव बढ़कर 155,00-16,000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच सकता है। उसके बाद भी इसमें तेजी-मजबूती का माहौल का बरकरार रहने की संभावना है। 

एक अग्रणी विश्लेषक के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि हल्दी की कीमत पहले ही गिरकर तलहटी में पहुंच चुकी है और अब इससे नरमी आने के बजाए तेजी का माहौल बनने वाला है।

हल्दी का भाव मौजूदा स्तर पर ज्यादा समय तक स्थिर नहीं रहेगा। नवम्बर में यह उछलकर यदि 17,000-18,000 रुपए प्रति क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंच जाए तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी।

लेकिन कीमतों में यह तेजी एकाएक नहीं बल्कि रुक-रुक कर आ सकती है। कॉमोडिटी एक्सचेंज में सर्वाधिक सक्रिय माह अक्टूबर के अनुबंध के लिए एक सप्ताह के अंदर हल्दी का वायदा भाव 3 प्रतिशत बढ़कर 14,100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। तेलंगाना की निजामाबाद मंडी में भी हल्दी का दाम 14,000 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है।