कनाडा को अगले मार्केटिंग सीजन में मसूर का निर्यात बढ़ने का भरोसा

05-Jun-2026 11:10 AM

वैंकुवर। कनाडा में फिलहाल मसूर का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है जिससे कीमतों में काफी हद तक स्थिरता बनी हुई है। कृषि मंत्रालय ने 2026-27 के मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के लिए मसूर के निर्यात का जो लक्ष्य निर्धारित किया है वह 2019-20 सीजन के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

दरअसल कनाडा के कृषि मंत्रलय को लगता है कि इस वर्ष भारत में मौसम एवं मानसून की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं रहेगी जिससे दलहनों का घरेलू उत्पादन घट सकता है और अन्य दलहनों के साथ मसूर के आयात में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है।

लेकिन इस सोच में कई प्रतिगामी मोड़ आ सकता है। एक तो ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन तेजी से बढ़कर 21 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है और दूसरे तुर्की में लाल मसूर की आपूर्ति 54 प्रतिशत तथा हरी मसूर की उपलब्धता 63 प्रतिशत बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

इससे वैश्विक निर्यात बाजार में कनाडा को कठिन प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। रूस सहित कुछ अन्य देशों में भी उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।

वैश्विक स्तर पर मसूर की कुल उपलब्धता 2026-27  के सीजन में सामान्य औसत से ज्यादा रहने की उम्मीद है जिससे कीमतों में तेजी की संभावना बहुत कम रहेगी। यदि भारत में खरीफ कालीन दलहनों का सामान्य उत्पादन हुआ तो भाव स्थिर रह सकता है।