ऑस्ट्रेलिया में चना के उत्पादन में जोरदार गिरावट आने का अनुमान
05-Jun-2026 10:45 AM
पर्थ। ऑस्ट्रेलिया के दोनों शीर्ष चना उत्पादक प्रांतों क्वींसलैंड तथा न्यू साउथ वेल्स में मौसम की हालत प्रतिकूल रहने तथा उत्पादकों को लाभप्रद वापसी हासिल नहीं होने के कारण इस महत्वपूर्ण दलहन के बिजाई क्षेत्र में भारी कमी आने के संकेत मिल रहे हैं जबकि फसल की औसत उपज दर भी कुछ नीचे रह सकती है। इसके फलस्वरूप वहां चना के उत्पादन में पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष करीब 50 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है।
सरकारी संस्था- अबारेस के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में चना के कुल वार्षिक उत्पादन में क्वींसलैंड एवं न्यू साउथ वेल्स प्रान्त का संयुक्त योगदान 95.5 प्रतिशत के करीब रहता है जबकि थोड़ा-बहुत उत्पादन अन्य राज्यों में होता है।
2025-26 सीजन की तुलना में 2026-27 सीजन के दौरान चना का बिजाई क्षेत्र न्यू साउथ वेल्स प्रान्त 49.2 प्रतिशत घटकर 3 लाख हेक्टेयर तथा क्वींसलैंड में करीब 19 प्रतिशत गिरकर 4.10 लाख हेक्टेयर पर अटक जाने का अनुमान है।
इसी तरह समीक्षाधीन सीजन के दौरान चना का उत्पादन न्यू साउथ वेल्स प्रान्त में 66 प्रतिशत लुढ़ककर 4 लाख टन तथा क्वींसलैंड राज्य में 33 प्रतिशत घटकर 6.50 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है।
इस तरह इन दोनों राज्यों में संयुक्त रूप से चना का कुल उत्पादन 10.50 लाख टन हो सकता है जो 2025-26 के सीजन में 20 लाख टन से ऊपर चना पहुंच गया था।
ध्यान देने वाली बात है कि ऑस्ट्रेलिया दुनिया में चना का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है। भारत, बांग्ला देश, पाकिस्तान एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) इसके प्रमुख खरीदार है। उत्पादन में जबरदस्त गिरावट आने से ऑस्ट्रेलिया में चना का निर्यात योग्य स्टॉक भी काफी घट जाएगा जिससे कीमतों में तेजी का माहौल बन सकता है।
