कनाडा में बेमौसमी बारिश से मटर की क्वालिटी प्रभावित होने की आशंका

14-Aug-2025 11:25 AM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा के प्रेयरी संभाग में अवस्थित दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- सस्कैचवान तथा अल्बर्टा  में हुई बेमौसम वर्षा से खेतों में पानी जमा हो गया है जिससे न केवल मटर की पकी हुई फसल की कटाई-तैयारी में किसानों को भारी कठिनाई हो रही है बल्कि फसल की क्वालिटी पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

इसके तहत खासकर हरी मटर की फसल को ज्यादा क्षति हो सकती है। खेतों में पानी या कीचड़ होने से हार्वेस्टिंग मशीनों का उपयोग नहीं हो पा रहा है। 

लेकिन इस आकस्मिक प्राकृतिक आपदा के बावजूद वहां मटर का उत्पादन गत वर्ष से बेहतर होने की उम्मीद की जा रही है। पीली मटर की फसल अच्छी हालत में है लेकिन मटर की क्वालिटी के प्रति गहरी चिंता उत्पन्न होने लगी है। फिलहाल मटर की निर्यात मांग कमजोर है जिससे कीमतों में नरमी का माहौल बना हुआ है।

पीली मटर का डिलीवरी मूल्य नरम पड़कर 9.00-9.25 डॉलर प्रति बुशेल तथा हरी मटर का दाम 12.00-13.00 डॉलर प्रति बुशेल पर आ गया है। अधिकांश उत्पादक इलाकों में मटर का यही भाव प्रचलित है। मापले मटर की कीमत पिछले स्तर पर ही स्थिर बनी हुई है। 

चीन और भारत जैसे अग्रणी आयातक देशों पर कनाडाई मटर निर्यातकों का ध्यान केन्द्रित है मगर इन दोनों बाजारों की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

चीन में कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू है और निकट भविष्य में इसे हटाए जाने के कोई संकेत भी नहीं मिल रहे हैं। इस बीच चीन में कनाडा से आयातित मटर स्टार्च के लिए एंटी डम्पिंग जांच भी शुरू हो गई है।

इधर भारत में यद्यपि पीली मटर के आयात को 31 मार्च 2026 तक शुल्क मुक्त कर दिया गया है मगर भारतीय आयातक इसकी खरीद में ज्यादा सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं क्योंकि घरेलू प्रभाग में दलहनों का भाव स्थिर या नरम बना हुआ है। जब तक जोरदार निर्यात मांग नहीं निकलेगी तब तक कनाडा में मटर की कीमतों में तेजी आने की संभावना बहुत कम रहेगी क्योंकि स्टॉक ज्यादा रहेगा।