कनाडा में मटर के बिजाई क्षेत्र के अनुमान पर संदेह
05-May-2025 05:30 PM
नई दिल्ली। कनाडा में मटर की बिजाई का अभियान तो आरंभ हो गया है लेकिन इसकी खेती के प्रति किसानों में दुविधा या असमंजस बरकरार है।
20 मार्च को चीन ने अमरीकी मटर पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा दिया जिससे वहां इसका शिपमेंट लगभग ठप्प पड़ गया। भारत में दिसम्बर 2023 में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी गई थी जिसकी समय सीमा 31 मई 2025 को समाप्त हो जाएगी।
भारत और चीन वर्ष 2024 में कनाडाई मटर के दो सबसे प्रमुख खरीदार रहे। उम्मीद के मुताबिक यदि सरकार ने पीली मटर के आयात पर भारी भरकम टैक्स लगाने का निर्णय लिया तो चीन के साथ-साथ भारत का विशाल बाजार भी कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों के हाथ से फिसल जाएगा। यह चिंता कनाडाई किसानों को बुरी तरह सता रही है और वे क्षेत्रफल बढ़ाने या घटाने का निर्णय नहीं ले पा रहे हैं।
कनाडा में हरी मटर का बिजाई क्षेत्र कुछ बढ़ने के आसार हैं क्योंकि एक तो वहां इसका पिछला बकाया स्टॉक कम बचा है तथा पीली मटर की तुलना में भाव ऊंचा रहता है और दूसरे, इसका निर्यात भी प्रभावित होने की आशंका है।
भारत में हरी मटर के आयात की अनुमति नहीं है जबकि चीन में भी इसका आयात बहुत कम मात्रा में किया जाता है। जहां तक पीली मटर का सवाल है तो कनाडा से इसके निर्यात पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
यदि भारत में 50 प्रतिशत सीमा शुल्क के साथ अन्य पुरानी शर्तों को भी लागू किया जाता है तो पीली मटर का आयात बिल्कुल बंद हो सकता है जबकि अन्य किस्मों की मटर का आयात पहले से ही बंद है।
बेशक स्टैट्स ने कनाडा में वर्ष 2024 के मुकाबले 2025 के दौरान मटर का कुल उत्पादन क्षेत्र 9.5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 35 लाख एकड़ पर पहुंचने का अनुमान लगाया है
लेकिन उद्योग- व्यापार समीक्षकों का मानना है कि वास्तविक क्षेत्रफल इससे काफी नीचे रह सकता है क्योंकि इसके निर्यात बाजार का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।
