कनाडा में मटर का रकबा घटकर 12.30 लाख हेक्टेयर पर अटका
21-Jul-2026 07:03 PM
सस्काटून। कनाडा के कृषि मंत्रालय द्वारा जारी नई मासिक (जुलाई) रिपोर्ट से पता चलता है कि देश में मटर का कुल उत्पादन क्षेत्र 2024-25 की तुलना में करीब 14 प्रतिशत घटकर 2026-27 सीजन के दौरान 12.30 लाख हेक्टेयर पर अटक गया। मटर की 54 प्रतिशत खेती सस्कैचवान प्रान्त में तथा 41 प्रतिशत की बिजाई अल्बर्टा राज्य में हुई है जबकि 5 प्रतिशत रकबा अन्य राज्यों में स्थित है। मटर की उपज दर यदि औसत स्तर की रही तो इस वर्ष इसका कुल उत्पादन घटकर 31.50 लाख हेक्टेयर पर सिमट सकता है।
लेकिन पिछला बकाया स्टॉक अत्यन्त विशाल होने के कारण 2026-27 के मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा में मटर की कुल उपलधता बढ़कर 41.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है जो 2025-26 सीजन की तुलना में कुछ कम है। कृषि मंत्रालय ने 2026-27 सीजन के दौरान कनाडा से 27 लाख टन मटर का निर्यात होने की संभावना व्यक्त की है जो 2025-26 सीजन के अनुमानित शिपमेंट के लगभग बराबर ही है।
भारत, चीन और बांग्ला देश इसके तीन सबसे प्रमुख खरीदार बने रह सकते हैं। ज्ञात हो कि भारत में सिर्फ पीली मटर का आयात होता है। अपेक्षाकृत कम उपलब्धता एवं सामान्य निर्यात के कारण कनाडा में 2026-27 सीजन के अंत में मटर का कुल बकाया अधिशेष स्टॉक घटकर 8.10 लाख टन रह जाने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
जहां तक मटर के औसत मूल्य की बात है तो 2025-26 की तुलना में 2026-27 के मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) में यह कुछ ऊपर रह सकता है। कृषि मंत्रालय के मुताबिक 2025-26 सीजन के दौरान कनाडा से मटर का निर्यात सुधरकर 27 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है जो 2024-25 सीजन के शिपमेंट से कुछ अधिक है। कुल उपलब्धता 10 लाख टन बढ़कर 44 लाख टन पर पहुंच जाने से सीजन के अंत में बकाया स्टॉक उछलकर 9.90 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं। 2024-25 सीजन के मुकाबले 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में सभी किस्मों एवं श्रेणियों की मटर का औसत मूल्य घटकर 300 डॉलर प्रति टन के करीब रह गया।
अमरीका में भी मटर का बिजाई क्षेत्र घटकर 10.50 लाख एकड़ या 4.20 लाख हेक्टेयर रह गया जिससे वहां भी उत्पादन घटने की संभावना है।
