कनाडा में प्रमुख फसलों के उत्पादन में उतार-चढ़ाव

06-Dec-2024 11:58 AM

ओटावा । कनाडा की सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन द्वारा जारी नवीनतम मासिक रिपोर्ट में विभिन्न प्रमुख फसलों के उत्पादन का जो आंकड़ा दिया गया है उससे पता छटा है कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष वहां जौ, कैनोला (रेपसीड) तथा शीतकालीन गेहूं के उत्पादन में गिरावट आई है जबकि काबुली चना, मसूर तथा सोयाबीन की पैदावार में वृद्धि हुई है।

गेहूं का कुल उत्पादन भी बेहतर होने के आसार हैं क्योंकि बसंतकालीन गेहूं तथा ड्यूरम गेहूं का उत्पादन बढ़ा है। कनाडा में तमाम फसलों की कटाई-तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है।  

स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के दौरान कनाडा में जौ का उत्पादन 89.05 लाख टन से घटकर 81.44 लाख टन, कैनोला का उत्पादन 191.92 लाख टन से गिरकर 178.45 लाख टन तथा शीतकालीन गेहूं का उत्पादन 33.38 लाख टन से फिसलकर 30.12 लाख टन रह गया।

दूसरी ओर समीक्षाधीन अवधि के दौरान काबुली चना का उत्पादन 1.59 लाख टन से उछलकर 2.87 लाख टन, मसूर का उत्पादन 18.01 लाख टन से बढ़कर 24.31 लाख टन तथा सोयाबीन का उत्पादन 65.43 लाख टन से सुधरकर 69.81 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।

जहां तक गेहूं का सवाल है तो इसका को उत्पादन 2023 के 328.46 लाख टन से बढ़कर 2024 में 349.58 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।

इसके तहत ड्यूरम गेहूं का उत्पादन 40.88 लाख टन से उछलकर 58.70 लाख टन तथा वसंतकालीन गेहूं का उत्पादन 255.20 लाख टन से बढ़कर 260.76 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जबकि शारदीय गेहूं की पैदावार 33.38 लाख टन से गिरकर 30.12 लाख टन पर सिमटने की संभावना है।