कनाडा में उम्मीद के विपरीत मटर का क्षेत्रफल गत वर्ष से 16 प्रतिशत पीछे

01-May-2025 03:27 PM

ओटावा। हालांकि कनाडा की सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने मटर का घरेलू उत्पादन क्षेत्र वर्ष 2024 के 32.10 लाख एकड़ से बढ़कर 2025 में 35.20 लाख एकड़ पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है मगर  आरंभिक बिजाई के परिदृश्य से संकेत मिलता है कि इस बार मटर का क्षेत्रफल बढ़ने के बजाए घट सकता है।

पिछले साल की तुलना में इस वर्ष अप्रैल के अंत तक वहां मटर के रकबे में 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यद्यपि इसकी बिजाई का अभियान सही समय पर आरंभ हुआ लेकिन किसान इसकी खेती में पिछले साल जैसा उत्साह नहीं दिखा रहे हैं क्योंकि दोनों शीर्ष आयातक देशों- भारत और चीन में मटर के निर्यात में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। 

दरअसल चीन ने कनाडाई मटर के आयात पर 100 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा दिया है और इसे घटवाने या हटवाने के लिए कनाडा सरकार की ओर से कोई गंभीर प्रयास भी नहीं किया जा रहा है।

इससे किसानों में भारी असंतोष है। इधर भारत में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 31 मई 2025 को समाप्त हो रही है और उद्योग व्यापार क्षेत्र इस पर कम से कम 50 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगाने की मांग कर रहा है।

यदि यह मांग स्वीकार कर ली गई तो भारत में पीली मटर का आयात अनाकर्षक तथा आर्थिक दृष्टि से नुकसान दायक साबित होने लगेगा।

अगर चीन और भारत जैसा विशाल बाजार कनाडा के हाथ से फिसल गया तो उसे मटर के निर्यात शिपमेंट में भारी कठिनाई हो सकती है और वहां इसका भाव घटकर नीचे जा सकता है। 

कनाडा में आमतौर पर अप्रैल-जून के दौरान आपूर्ति का ऑफ सीजन होने से मटर में सीमित कारोबार होता है और कीमतों में नरमी या स्थिरता का माहौल बना रहता है।

केवल तात्कालिक मांग को पूरा करने के लिए मटर की खरीद की जाती है। अगली नई फसल के लिए पीली मटर का अग्रिम अनुबंध मूल्य घटकर 8.50-9.00 डॉलर प्रति बुशेल पर आ गया है। इससे भी किसान हतोत्साहित हैं।