कनाडा से अगस्त में भारत को 45 हजार टन से अधिक मटर का निर्यात

08-Oct-2025 03:41 PM

वैंकुवर। कनाडा में अगस्त 2025 से दलहनों का नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हुआ जो जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक अगस्त 2025 के दौरान कनाडा से मटर का कुल निर्यात बढ़कर 9,0741 टन पर पहुंच गया जो जुलाई के शिपमेंट 35,439 टन तथा अगस्त 2024 के निर्यात 16,632 टन से काफी अधिक रहा। अगस्त 2025 के दौरान कनाडा से भारत को सर्वाधिक 45,489 टन पीली मटर का निर्यात किया गया। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कनाडा से 2023-24 को सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में मटर का कुल निर्यात बढ़कर 24,05,939 टन पर पहुंचा था मगर 2024-25 के सीजन में घटकर 21,83,525 टन पर अटक गया। अब अगस्त 2025 से नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हो गया है। 

जहां तक मसूर का सवाल है तो अगस्त 2025 में कनाडा से इसका निर्यात घटकर 34,508 टन पर अटक गया जो जुलाई के शिपमेंट 63,670 टन से काफी कम रहा। अगस्त 2024 में कनाडा को 36,461 टन मसूर का निर्यात करने में सफलता मिली थी।

अगस्त 2025 में भारत कनाडाई मसूर का सबसे बड़ा खरीदार रहा। जिसने 7124 टन का आयात किया। इसके बाद अमरीका ने 4378 टन तथा कोलंबिया ने 2639 टन मसूर का आयात किया।

2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान कनाडा से कुल 18,35,212 टन मसूर का निर्यात हुआ जो 2023-24 के मार्केटिंग सीजन के सकल शिपमेंट 16,83,525 टन से काफी अधिक रहा। हालांकि पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान कनाडा में मटर एवं मसूर का उत्पादन बढ़ने के आसार हैं

लेकिन अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में उसे रूस तथा ऑस्ट्रेलिया की कठिन चुनौती का सामना करना पड़ रहा है इन दोनों दलहनों का दाम घटकर काफी नीचे आ गया है। कनाडा एवं रूस में दलहन फसलों की कटाई-तैयारी समाप्त हो चुकी है जबकि ऑस्ट्रेलिया में अभी शुरू ही हुई है। 

कनाडा से अगस्त 2025 में 12,927 टन काबुली चना का निर्यात हुआ जो जुलाई के शिपमेंट 14,295 टन से कम मगर अगस्त 2024 के निर्यात 7819 टन से ज्यादा रहा।

अगस्त 2024- जुलाई 2025 के दौरान वहां से काबुली चना का कुल निर्यात बढ़कर 2,14,891 टन पर पहुंचा जो 2023-24 सीजन के कुल निर्यात 1,08,366 टन से काफी अधिक रहा। तुर्कीए, अमरीका एवं दक्षिण कोरिया इसके प्रमुख खरीदार रहे।