कनाडाई काबुली चना बाजार में कारोबार कुछ बेहतर होने के बावजूद भाव स्थिर
06-Dec-2024 07:13 PM
टोरंटो । कनाडा में पिछले कुछ दिनों से काबुली चना की अच्छी खरीद बिक्री हो रही है लेकिन फिर भी इसका दाम लगभग स्थिर बना हुआ है। दरअसल मध्य नवम्बर से ही वहां स्टैण्डर्ड क्वालिटी की नम्बर 2 श्रेणी वाले काबुली चना का कारोबार 40-41 सेंट प्रति पौंड के एफओबी मूल्य स्तर पर हो रहा है। इसमें 9 मि०मी० दाने वाले माल का मिश्रण कम से कम 20 प्रतिशत होता है।
स्टैट्स कैन ने अपनी नई मासिक रिपोर्ट में कनाडा में काबुली चना का उत्पादन 2023-24 सीजन के 1.59 लाख टन से उछलकर 2024-25 के सीजन में 2.87 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है लेकिन कुछ उद्योग-व्यापार समीक्षकों को इस आंकड़े पर संदेह है।
सरकारी एजेंसी के अनुसार इससे पूर्व कनाडा में 2022-23 सीजन के दौरान 1.46 लाख टन तथा 2021-22 के सीजन में 91 हजार टन से कुछ अधिक चना का उत्पादन हुआ था।
यह सही है कि पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष कनाडा में काबुली चना के बिजाई क्षेत्र में कुछ बढ़ोत्तरी हुई और मौसम की हालत काफी हद तक अनुकूल रहने से फसल की उपज दर में थोड़ा सुधार आया मगर उत्पादन में एकाएक इतना जबरदस्त इजाफा होना मुश्किल लगता है।
अर्जेन्टीना एवं रूस के काबुली चना से अभी कनाडा को जबरदस्त चुनौती मिल रही है इसलिए कीमतों में जोरदार बढ़ोत्तरी करने का जोखिम उठाना कठिनाई निर्यातकों को भारी पड़ सकता है।
वहां अगली फसल की बिजाई अप्रैल-मई में होगी और इसका क्षेत्रफल मुख्यत: बाजार भाव एवं बकाया अधिशेष स्टॉक पर निर्भर करेगा। अमरीका में इस बार बेहतर उत्पादन होने से कनाडा से आयात घटने की संभावना है।
