कनाडाई काबुली चना की खरीद में आयातकों की थोड़ी- बहुत दिलचस्पी बरकरार

15-Nov-2024 06:32 PM

टोरंटो । पिछले कुछ दिनों से कनाडाई काबुली चना की लिवाली में खरीदारों की थोड़ी- बहुत दिलचस्पी देखी जा रही है मगर बड़े पैमाने पर इसका कारोबार नहीं हो रहा है। दरअसल खरीदार खासकर नम्बर 2 श्रेणी के ऐसे काबुली चना की खरीद पर विशेष जोर दे रहे हैं 7 मि०मी० आकार वाले दाने का अंश कम से कम 20 प्रतिशत हो और इससे बड़े दाने का मिश्रण होना कोई आवश्यक नहीं है।

वस्तुतः इस श्रेणी के काबुली चना का भाव अपेक्षाकृत नीचे रहता है। जो उत्पादक इस तरह के माल की बिक्री के इच्छुक हैं उनके लिए अभी सुनहरा मौका बना हुआ है। 

कनाडा के उत्पादकों के पास इस श्रेणी के काबुली चना का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है इसलिए खरीदारों की मांग आसानी से पूरी हो रही है।

खरीद-बिक्री की खबर फैलते ही अन्य उत्पादकों ने अपने स्टॉक का आंकलन शुरू कर दिया और इसके खरीदारों का इंतजार होने लगा। खरीदार छोटी-छोटी मात्रा में इसकी लिवाली कर रहे हैं। 

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक ऊंचे स्टॉक को देखते हुए उत्पादक अपने काबुली चना की बिक्री के इच्छुक है बशर्तें उन्हें आकर्षक मूल्य प्राप्त हो और मूवमेंट की शर्त भी अनुकूल रहे।

दो प्रमुख बंदरगाहों-वैंकुवर एवं मांट्रियल पर जारी गतिरोध के कारण निर्यात शिपमेंट में अनिश्चितता का माहौल बरकरार रहने से काबुली चना का कारोबार सुस्त और भाव नरम पड़ गया था लेकिन अब वह गतिरोध जल्दी ही समाप्त होने की उम्मीद है जिससे काबुली चना की लिवाली में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ने लगी है।