कनाडाई मटर बाजार में स्थिरता का माहौल बरकरार
08-Jan-2026 08:43 PM
सस्काटून। कनाडा के मटर बाजार में वे सभी विपणन चुनौतियां एवं बाधाएं चालू सप्ताह में भी बरकरार है जो नया साल शुरू होने से पहले मौजूद थी। चीन और भारत में इस पर लगे सीमा शुल्क में कोई बदलाव नहीं हुआ
और रूस तथा यूक्रेन जैसे देशों की कठिन प्रतिस्पर्धा में कोई कमी नहीं आई। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों की मटर के दाम में या तो स्थिरता रही या मामूली उतार चढ़ाव देखा गया।
एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक के अनुसार जब तक इन दोनों प्रमुख खरीदार देश- चीन तथा भारत की ओर से कोई खास संकेत नहीं मिल जाता है तब तक मटर की कीमतों में ज्यादा परिवर्तन होना मुश्किल लगता है।
पीली मटर का एफओबी भाव 7 डॉलर प्रति बुशेल के बीच स्थिर बनी हुई है। कुछ खास बाजारों में और नमी के अंश वाले उत्पादों में 10 डॉलर प्रति बुशेल या इससे कुछ ऊपर के मूल्य स्तर पर थोड़ा-बहुत कारोबार हो रहा है। इसी तरह मापले मटर का मूल्य एफओबी आधार पर 9.50 से 11.00 डॉलर प्रति बुशेल के बीच बताया जा रहा है।
समीक्षकों के अनुसार मटर का वर्तमान भाव उत्पादकों के लिए ज्यादा लाभप्रद या आकर्षक नहीं है और यदि यही स्थिति बरकरार रही तो कनाडा में इस वर्ष मटर की सभी किंस्मों की बिजाई में कमी आ सकती है।
वहां मटर की बिजाई अप्रैल में शुरू होने वाली है जो कमोबेश जून तक जारी रह सकती है। मटर के बजाए कनाडा के किसान अन्य ऊंची कीमत वाली फसलों की खेती को प्राथमिकता दे सकते हैं।
लेकिन अगर जनवरी से मार्च 2026 के बीच मांग एवं कीमत में बढ़ोत्तरी होने का स्पष्ट संकेत मिलता है तो मटर के बिजाई क्षेत्र में कमी आने की संभावना घट सकती है।
