केन्द्रीय आम बजट में कृषि क्षेत्र के लिए अनेक योजनाओं की घोषणा
01-Feb-2025 12:45 PM
नई दिल्ली । केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण ने वित्त वर्ष 2025-26 के आम बजट में कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र के लिए अनेक नई योजनाओं की घोषणा की है।
इसमें दलहन, तिलहन, कपास तथा मखाना जैसे कृषि उत्पादों के लिए नए प्रावधान भी शामिल हैं। तुवर, उड़द एवं मसूर उत्पादन के लिए छह वर्षीय मिशन शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसी तरह गुणवत्ता पूर्ण कपास की पैदावार बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास किए जाएंगे।
बिहार में मखाना उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए मखाना बोर्ड का गठन किया जाएगा और मखाने के उत्पादन, प्रसंस्करण तथा विपणन में सुधार के लिए व्यवस्था की जाएगी वित्त मंत्री का कहना है कि सरकार तिलहन उत्पादकों को बेहतर दाम सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
तिलहनों के उत्पादन में 50 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। नेशनल खाद्य प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना भी की जाएगी। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को विशेष बढ़ावा दिया जाएगा।
बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र में पश्चिमी कोसी नहर का विकास होगा ताकि बाढ़ की आशंका घट सके। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर फलों-सब्जियों की पैदावार तथा प्रोसेसिंग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
कपास की क्वालिटी में सुधार के लिए मिशन मोड में काम किया जाएगा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग को प्रोत्साहित किया जाएगा। दलहनों का उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा ताकि आयात पर निर्भरता घटने में सहायता मिल सके।
