केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद बढ़कर 184 लाख टन पर पहुंची

25-Apr-2025 12:00 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय एजेंसी- भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा उसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों में किसानों से गेहूं की खरीद में जबरदस्त सक्रियता दिखाई जा रही है।

मंडियों में भाव नरम पड़ने तथा मध्य प्रदेश एवं राजस्थान जैसे प्रांतों में अतिरिक्त बोनस दिए जाने से किसानों को सरकारी एजेंसियों को अपना गेहूं बेचने का प्रोत्साहन मिल रहा है। उसके गेहूं की कीमतों का भुगतान भी 48 घंटे के अंदर हो रहा है जबकि क्रय केन्द्रों पर से गेहूं के उठाव की गति बढ़ रहे है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पर वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान 23 अप्रैल 2025 तक राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं की कुछ सरकारी खरीद बढ़कर 183.92 लाख टन पर पहुंच गई जो गत वर्ष की समान अवधि की खरीद 119.26 लाख टन से काफी अधिक है।

पिछले साल के मुकाबले इस बार सभी  प्रमुख उत्पादक राज्यों से गेहूं की खरीद में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इसके तहत गेहूं की सरकारी खरीद पंजाब में 35 लाख टन से उछलकर 59.28 लाख टन, हरियाणा में 48.14 लाख टन से बढ़कर 56.64 लाख टन,

उत्तर प्रदेश में 4.06 लाख टन से सुधरकर 5.57 लाख टन, मध्य प्रदेश में 29.71 लाख टन से उछलकर 54.09 लाख टन, राजस्थान में 2.32 लाख टन से बढ़कर 3.20 लाख टन तथा बिहार में 4 हजार टन से बढ़कर 10 हजार टन पर पहुंच गई। इसके अलावा गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश में भी गेहूं की खरीद हो रही है। 

केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने इस वर्ष पंजाब में 124 लाख टन, हरियाणा में 75 लाख टन, मध्य प्रदेश में 60 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 30 लाख टन, राजस्थान में 20 लाख टन, बिहार में 2 लाख टन, गुजरात में 1 लाख टन, उत्तराखंड में 50 हजार टन तथा हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू कश्मीर में 10-10 हजार टन के साथ राष्ट्रीय स्तर पर कुल 312.70 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है।

पंजाब और हरियाणा में 15 मई तक गेहूं की खरीद का समय नियत किया गया है। जबकि उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश में 30 जून, बिहार में 15 जून, राजस्थान एवं उत्तराखंड में 30 जून तथा गुजरात में 31 मई 2025 तक गेहूं की खरीद जारी रहेगी।

जबकि कश्मीर में 31 मई एवं हिमाचल प्रदेश में 15 जून तक गेहूं खरीदा जाएगा। मध्य प्रदेश में गेहूं की वास्तविक खरीद नियत लक्ष्य से काफी करीब पहुंच गई है। सभी राज्यों में खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है।