केन्या और तंजानिया के साथ व्यापार परिषद की बैठकों की तैयारी
30-Aug-2024 03:11 PM
नई दिल्ली । भारत सरकार अफ्रीका महाद्वीप की दो शीर्ष व्यापारिक साझीदार- केन्या एवं तंजानिया के साथ ट्रेड कौंसिल की संयुक्त बैठक को एक सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारी कर रही है।
यह बैठक अगले महीने यानी सितम्बर- 2024 में होने वाली है। उल्लेखनीय है कि भारत ने वर्ष 2030 तक अफ्रीकी देशों के साथ व्यापार को दोगुना बढ़ाकर 200 अरब द्वार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
जानकर सूत्रों के अनुसार आगे महीने केन्या एवं तंजानिया के साथ संयुक्त व्यापार परिषद की मीटिंग के लिए केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय विभिन्न उद्योग परिषदों एवं अन्य मंत्रालयों के साथ विचार-विमर्श कर रहा है जिसमें मौजूदा बाधाओं को दूर करके अन्य अवसरों का सृजन करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके लिए विभिन्न मंत्रालयों के साथ सलाह-मशविरा किए जाने की योजना भी है। अफ्रीका भारत के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है जहां निर्यात संवर्धन की भारी गुंजाईश है।
भारत से ग़ैर बासमती चावल का सर्वाधिक निर्यात अफ्रीकी देशों को किया जाता है जबकि वहां से चना एवं तुवर जैसे दलहन मंगाए जाते हैं।
सरकार ने उद्योग संगठनों एवं निर्यातक संघों से व्यापार तथा शुल्क संबंधी बाधाओं के बारे में जानकारी मांगी है और ग़ैर शुल्कीय अड़चनों की सूचना देने के लिए भी कहा है ताकि कौंसिल की मीटिंग में इन मुद्दों को उठाया जा सके।
केन्या और तंजानिया- दोनों ही देशों में भारत से भविष्य में विभिन्न वस्तुओं का निर्यात बढ़ने की उम्मीद है जबकि वहां व्यापार एवं निवेश की असीम संभावना भी मौजूदा है।
लेकिन इन दो अफ्रीकी देशों में भारतीय निर्यातकों को कुछ समस्याओं और चुनौतियों का सामना भी करना पड़ता है।
प्रशासनिक एवं अफसर शाही स्तर पर अक्सर देर कर दी जाती है और कई वस्तुओं के आयात को नियंत्रित करने के लिए सख्त कानून एवं मानक लागू किए गए हैं।
