कर्नाटक सरकार को समर्थन मूल्य पर मूंग एवं सूरजमुखी की खरीद करने की अनुमति

26-Aug-2024 12:22 PM

नई दिल्ली । केन्द्र सरकार ने कर्नाटक को 2024-25 के सीजन मार्केटिंग सीजन के दौरान किसानों से  न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग एवं सूरजमुखी की खरीद करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

कर्नाटक सरकार को भेजे एक आधिकारिक पत्र में केन्द्र ने कहा है कि मूंग का एमएसपी 8682 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है और इस मूल्य स्तर पर राज्य सरकार को कुल 22,215 टन की खरीद करने की अनुमति दी गई है।

इसी तरह कर्नाटक सरकार को किसानों से 13,210 टन सूरजमुखी खरीदने के लिए भी कहा गया है जिसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 2024-25 सीजन के लिए 7.7 प्रतिशत बढ़ाकर 7280 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। 

केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजिक वितरण मंत्री ने केन्द्रीय कृषि मंत्री से अनुरोध किया था कि कर्नाटक में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग एवं सूरजमुखी की सरकारी खरीद करने की मंजूरी दी जाए ताकि उत्पादकों को राहत मिल  सके। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय खाद्य मंत्री कर्नाटक से भाजपा के टिकट पर चुने गए सांसद हैं।

कर्नाटक खरीफ कालीन मूंग एवं सूरजमुखी के प्रमुख उत्पादक राज्यों में शामिल है। केन्द्र सरकार ने 2023-24 सीजन के मुकाबले 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य केवल 1.6 प्रतिशत बढ़ाया है क्योंकि इसमें पहले ही जोरदार बढ़ोत्तरी हो चुकी है।

हकीकत तो यह है कि दलहन फसलों में सबसे ऊंचा समर्थन मूल्य मूंग का ही है। कर्नाटक में मानसून की अच्छी बारिश होने तथा मौसम अनुकूल रहने से मूंग एवं सूरजमुखी का उत्पादन बेहतर होने के  आसार है। मूंग की अगैती बिजाई वाली नई फसल की आवक अगले महीने शुरू हो सकती है।