किशमिश के भाव गत वर्ष से दोगुणा : ओर बढ़ सकते हैं भाव

13-Jun-2025 07:19 PM

नई दिल्ली। दूसरे वर्ष भी देश में किशमिश की पैदावार घटने के कारण चालू सीजन के दौरान किशमिश की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई है और अभी भी बाजार में धारणा तेजी की बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि आई ग्रेन इंडिया ने अपने पाठकों को समय-समय पर जानकारी देते हुए सुझाव दिया था कि इस वर्ष किशमिश नया रिकॉर्ड भाव बनाएगी। जबकि वर्तमान में महाराष्ट्र की सांगली एवं तासगांव  मंडी में किशमिश का भाव 310/330 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। सूत्रों का मानना है कि आगामी दिनों में खपत के सीजन में कीमतों में ओर तेजी संभव है। क्योंकि नई फसल की आवक फरवरी-मार्च - 2026 में आएगी। जबकि पैदावार घटने के कारण स्टॉक की कमी है। जो स्टॉक है वह भी मजबूत हाथों में है। संभावना व्यक्त की जा रही है। आगामी दिनों में भाव 350 रुपए का स्तर पार कर सकते हैं।

मुनाफावसूली का डर

लगातार बढ़ती कीमतों के कारण संभावना व्यक्त की जा रही है कि बाजार में एक बार मुनाफावसूली बिकवाली आ सकती है। जिस कारण से अल्पकाल के लिए भाव घट सकते हैं लेकिन भविष्य अच्छा रहेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत वर्ष जून माह के दौरान महाराष्ट्र की मंडियों में किशमिश का भाव 160/170 रुपए प्रति किलो चल रहा था जोकि वर्तमान में 310/330 रुपए के स्तर पर पहुंच गया है।    

बिकवाल कम 

हालांकि अभी तक मंडियों में कुल उत्पादन का 40/45 प्रतिशत ही माल आया है लेकिन व्यापारिक मनोवृत्ति तेजी की होने के कारण बिकवाली कम रह गया है। जिस कारण से आवक भी घट गई है। वर्तमान में सांगली एवं तासगाव मंडी में किशमिश की आवक 40/50 मोटर की रह गई है। 

उत्पादन 

किशमिश का मुख्यत: उत्पादन महाराष्ट्र में होता है। इस वर्ष देश में किशमिश की पैदावार 14/15 हजार गाड़ी (प्रत्येक गाड़ी 10 टन) का माना जा रहा है। जबकि वर्ष 2024 में उत्पादन 19/20 हजार गाड़ी एवं वर्ष 2023 में उत्पादन 22/24 हजार गाड़ी का रहा था। 

उपलब्धता कम 

जानकार सूत्रों का कहना है कि चालू सीजन के दौरान किशमिश की उपलब्धता कम रहेगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के दौरान नई पैदावार 19/20 हजार गाड़ी के अलावा 2.5/3 हजार गाड़ी का बकाया स्टॉक भी था। लेकिन चालू सीजन के दौरान 14/15 गाड़ी की पैदावार के अलावा बकाया स्टॉक 500/600 गाड़ी का माना जा रहा है। 

मन्दा नहीं 

वर्तमान हालात को देखते हुए किशमिश की कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं है। मुनाफावसूली बिकवाली आने पर कीमतों में 10/20 रुपए की गिरावट आ सकती है जोकि अल्पकाल के लिए होगी। तत्पश्चात कीमतों में फिर तेजी शुरू हो जाएगी। क्योंकि नई फसल आने में 7/8 माह का समय शेष है। साथ ही स्टॉक भी कम है। वर्तमान दिल्ली बाजार में किशमिश के क्वालिटीनुसार भाव 320/400 रुपए प्रति किलो बोले जा रहे हैं।  

निर्यात 

चालू सीजन के दौरान भाव ऊंचे होने के कारण वर्ष 2025-26 के दौरान किशमिश का निर्यात घटने की संभावना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 (अप्रैल-मार्च) के दौरान किशमिश का निर्यात 47750 टन का हुआ था जोकि वर्ष 2024-25 में घटकर 46738 टन का रह गया। मार्च - 2024 की तुलना में मार्च 2025 टन का रहा था जबकि मार्च - 2025 में केवल 1795 टन का निर्यात किया गया।