क्वींसलैंड में चना की नई फसल की कटाई अगले महीने से शुरू होने की संभावना
19-Aug-2025 04:58 PM
ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया में चना के प्रमुख उत्पादक प्रान्त- क्वींसलैंड के मध्यवर्ती भाग में पौधों में फूल तथा दाने लगने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है और दिन के लम्बा होने तथा तापमान बढ़ने से प्रतीत होता है कि चना की इस अगैती बिजाई वाली नई फसल की कटाई-तैयारी अगले महीने से शुरू हो सकती है। इसके साथ ही चना का बल्क निर्यात भी आरंभ हो सकता है।
नवम्बर-दिसम्बर डिलीवरी के लिए ब्रिसबेन बंदरगाह तक नई फसल के चना का भाव 755-760 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है जो पिछले महीने से कुछ ऊंचा है। लेकिन फिलहाल सीमित मात्रा में इसका कारोबार हो रहा है।
मध्यवर्ती क्वींसलैंड के अलावा पश्चिमी डाउंस क्षेत्र और मारानोआ संभाग में भी चना की नई फसल की कटाई-तैयारी जल्दी आरंभ हो सकती है। वहां से कंटेनरों में इसका कारोबार आरंभ होने की संभावना है। ब्रिसबेन बंदरगाह से बल्क के साथ-साथ कंटेनरों में भी चना का शिपमेंट शुरू हो सकता है।
एक अग्रणी व्यापार विश्लेषकों के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख उत्पादक इलाकों में चना की फसल अच्छी हालत में दिखाई पड़ रही है। रमजान का महीना मध्य फरवरी 2026 से आरंभ होने वाला है और इसलिए बांग्ला देश सहित अन्य मुस्लिम बहुल देश उससे काफी पहले ही चना का भारी आयात करके उसका स्टॉक बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
लेकिन भारत में इसका विशाल आयात होने में संदेह है। 31 मार्च 2025 तक भारत में चना का शुल्क मुक्त आयात हो रहा था मगर उसके बाद इस पर 10 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू हो गया। हाल के महीनों में ऑस्ट्रेलिया से भारत को बहुत कम मात्रा में चना का निर्यात किया गया।
