खरीफ फसलों का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 1087 लाख हेक्टेयर से ऊपर पहुंचा
02-Sep-2024 08:39 PM
नई दिल्ली । मानसून की अच्छी वर्षा का सहारा मिलने से खरीफ फसलों का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष से लगातार आगे चल रहा है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार चालू वर्ष के दौरान 2 सितम्बर तक खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 1087.३३ लाख हेक्टेयर ज्यादा है। खरीफ फसलों का सामान्य औसत क्षेत्रफल इस बार 1096 लाख हेक्टेयर आंका गया है।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल की तुलना में चालू खरीफ सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर धान का उत्पादन क्षेत्र 393.57 लाख हेक्टेयर से उछलकर 408.72 लाख हेक्टेयर, दलहनों का बिजाई क्षेत्र 116.66 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 125.13 लाख हेक्टेयर,
मोटे अनाजों का रकबा 181.06 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 187.74 लाख हेक्टेयर तथा तिलहन फसलों का क्षेत्रफल 188.83 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 190.63 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
नकदी या औद्योगिक फसलों के संवर्ग में गन्ना का उत्पादन क्षेत्र तो 57.11 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 57.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर कपास का रकबा 123.11 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 111.74 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।
गत वर्ष के मुकाबले चालू खरीफ सीजन में दलहन फसलों के संवर्ग में तुवर का उत्पादन क्षेत्र 40.74 लाख हेक्टेयर से उछलकर 45.78 लाख हेक्टेयर तथा मूंग बिजाई क्षेत्र 30.88 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 34.76 लाख हेक्टेयर हो गया।
इसी तरह तिलहन फसलों में मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र 43.39 लाख हेक्टेयर से उछलकर 47.49 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
मोटे अनाजों में भी मक्का की बिजाई क्षेत्र 82.86 लाख हेक्टेयर से उछलकर 87.27 लाख हेक्टेयर एवं ज्वार का रकबा 14.06 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 15.16 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
