खरीफ सीजन की जरूरतों को पूरा करने के लिए उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक

11-May-2026 08:36 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने खरीफ 2026 के लिए देश में 390.54 लाख टन उर्वरकों की आवश्यकता पड़ने का अनुमान लगाते हुए कहा है कि इसका समुचित स्टॉक उपलब्ध है और सभी राज्यों को उसकी जरूरत के हिसाब से  इसकी आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। अगले महीने से मानसून की पहली बौछार के साथ खरीफ फसलों की बिजाई शुरू हो जाएगी। 

उर्वरक मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि प्रमुख रासायनिक उर्वरकों का उच्चतम खुदर मूल्य (एमआरपी) स्थिर बना हुआ है। देश में उवर्रकों का सुविधाजनक स्टॉक मौजूद है और सही तरीके से इसका प्रबंधन एवं वितरण भी किया जा रहा है।

खरीफ सीजन की कुल जरूरत के सापेक्ष फिलहाल 51 प्रतिशत से अधिक उर्वरकों का स्टॉक मौजूद है और शेष जरूरतों के लिए इंतजाम किया जा रहा है। आमतौर पर सीजन के आरंभ से पूर्व 33 प्रतिशत जरूरत के समतुल्य उर्वरक का स्टॉक उपलब्ध रहता है और फिर स्वदेशी उत्पादन एवं आयात से आगामी जरूरत पूरी की जाती है।