खाद्य मंत्रालय द्वारा आईवीपीए से एनएसडब्ल्यूएस में सदस्यों का पंजीकरण करवाने का आग्रह
18-Aug-2025 06:08 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीन खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक ने स्वदेशी खाद्य तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण संगठन इंडियन वैजिटेबल ऑयल प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईवीपीए) के अध्यक्ष सुधाकर देसाई को एक पत्र भेजकर अपने सगठन के सदस्यों को
'नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (एनएसडब्ल्यूएस) में रजिस्ट्रेशन करवाने तथा वैजिटेबल ऑयल प्रोडक्ट्स, प्रोडक्शन एन्ड अवैलेबिलिटी (रेग्युलेशन) आर्डर, 2011 के नए संशोधित प्रारूप में दर्ज नियमों का पालन सुनिश्चित करने हेतु प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है।
पत्र में कहा गया है कि वोप्पा विनियमन आदेश 2011 में लिए गए आवश्यक बदलाव का उद्देश्य रेग्युलेशन को मजबूत बनाना, खाद्य तेल उद्योग में आंकड़ा क्लेक्शन में सुधार लाना तथा बेहतर पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
इस संशोधन के साथ वोप्पा आदेश को अब हालिया संस्थागत बदलावों के साथ युक्ति संगत बना दिया गया है जिसमें प्रमुख निदेशालयों का विलय भी शामिल है।
आंकड़ों का संग्रहण अब संख्यिकी एकत्रीकरण अधिनियम 2008 के अधीन कर दिया गया है जिससे खाद्य तेलों के घरेलू उत्पादन, आयात एवं स्टॉक के स्तर की निगरानी बेहतर ढंग से की जा सकेगी।
इसके साथ-साथ सरकार भी अब सही समय पर उचित उपाय करने में सक्षम हो जाएगी जिससे आयात शुल्क को एडजस्ट करना तथा घरेलू प्रभाग में खाद्य तेलों की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति को सुगम बनाने और कीमतों में स्थिरता को बरकरार रखने हेतु आयात की सुविधा उपलब्ध करवाना आसान हो जाएगा।
लेकिन इसके लिए खाद्य तेल के मैन्युफैक्चर्स, प्रोसेसर्स री-पैकर्स एवं अन्य सम्बद्ध पक्षों को नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (एनएसडब्ल्यूएस) पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा।
इसके बाद पंजीकृत वर्ग को निर्धारित समय सीमा के अंदर परिष्कृत वोप्पा पोर्टल के माध्यम से अपने मासिक रिटर्न को जमा करवाने की प्रक्रिया आरंभ करनी होगी।
इन वर्गों को इसमें भाग लेना आवश्यक है। जो उसकी पुराने वोप्पा पोर्टल पर पहले ही अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं उन्हें केवल नए (संशोधित) वोप्पा पोर्टल पर अपने उत्पादन का आंकड़ा जमा करवाना होगा। इसकी प्रक्रिया आसान है।
आईवीपीए से आग्रह किया गया है कि अपने सदस्यों को यथाशीघ्र रजिस्ट्रेशन करवाने तथा अपना आंकड़ा जमा करवाने के लिए प्रोत्साहित करें।
