खाद्यान्न का कुल उत्पादन नियत लक्ष्य तक पहुंचने में संदेह
25-Dec-2024 07:54 PM
नई दिल्ली । हालांकि पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 304.77 लाख हेक्टेयर से 2.5 प्रतिशत बढ़कर 312.28 लाख हेक्टेयर,
चना का बिजाई क्षेत्र 84.42 लाख हेक्टेयर से 1.9 प्रतिशत सुधरकर 86 लाख हेक्टेयर तथा धान का क्षेत्रफल 12.41 लाख हेक्टेयर से 3.5 प्रतिशत बढ़कर 12.85 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है लेकिन दूसरी ओर मक्का का रकबा 16.73 लाख हेक्टेयर से 4.1 प्रतिशत गिरकर 16.05 लाख हेक्टेयर, जौ का बिजाई क्षेत्र 8.01 लाख हेक्टेयर से 17.4 प्रतिशत लुढ़ककर 6.62 लाख हेक्टेयर तथा मसूर का क्षेत्रफल 17.76 लाख हेक्टेयर से 4 प्रतिशत गिरकर 17.06 लाख हेक्टेयर पर अटक गया है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने वर्तमान रबी सीजन के दौरान 11.50 करोड़ टन गेहूं, 145.50 लाख टन चावल, 120 लाख टन मक्का, 136.50 लाख टन चना, 16.50 लाख टन मसूर तथा 22.50 लाख टन जौ के साथ कुल 16.455 करोड़ टन खाद्यान्न के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है
जो 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के लिए नियत कुल लक्ष्य 34.155 करोड़ टन के 48 प्रतिशत से ज्यादा है। यद्यपि देश के पश्चिमोत्तर राज्यों में हुई हाल की बारिश तथा तापमान में आई गिरावट से रबी कालीन फसलों को फायदा होने की उम्मीद है लेकिन आगे भी अनुकूल मौसम का होना आवश्यक है।
सरसों के उत्पादन का लक्ष्य 138 लाख टन नियत हुआ है जबकि इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से काफी पीछे चल रहा है।
