लगातार 12 वें सप्ताह बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटा

25-Jan-2025 05:49 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय जल आयोग की नवीनतम रिपोर्ट से पता चलता है की देश के 155 प्रमुख बांधों- जलाशयों में लगातार 12 वें सप्ताह जल स्तर में गिरावट आ गई और पंजाब के एक मात्र जलाशय में यह भंडारण क्षमता के 20 प्रतिशत से भी नीचे आ गया देश के अधिकांश भाग में मानसून के बाद तथा शीतकालीन वर्षा काफी कम होने से जल स्तर घट गया। 

आयोग के आंकड़ों के अनुसार चालू सप्ताह के दौरान 155 जलाशयों में पानी का कुल स्टॉक घटकर 119.505 बिलियन क्यूबिक लीटर (बीसीएम) रह गया जो कुल भंडारण क्षमता 180.85 बीसीएम का महज 66 प्रतिशत है।

लेकिन फिर भी यह जल स्तर पिछले साल की समान अवधि तथा गत 10 वर्ष के औसत से ज्यादा है। बारिश की कमी एवं बढ़ती धूप के कारण पानी का स्टॉक कम हो रहा है। 

मौसम विभाग के अनुसार देश के जिन 719 जिलों से आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं उनमें से 83 प्रतिशत जिलों में 1-24 जनवरी के दौरान वर्षा का अभाव रहा।

मानसून के बाद की वर्षा भी 60 प्रतिशत जिलों में नदारद रही। जनवरी में शीतकालीन वर्षा  में 62 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि मौसम विभाग ने जनवरी में सामान्य औसत से अधिक बारिश होने का अनुमान गया था। 

उत्तरी क्षेत्र के 11 जलाशयों में कुल भंडारण क्षमता 19.836 बीसीएम के मुकाबले केवल 38 प्रतिशत पानी 7.596 बीसीएम पानी का स्टॉक बचा हुआ है।

पंजाब में यह लुढ़ककर 18 प्रतिशत रह गया है जबकि हिमाचल प्रदेश में घटकर 31 प्रतिशत पर आ गया है। राजस्थान के जलशयों में भंडारण क्षमता के सापेक्ष 68 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद है।

हिमाचल प्रदेश के कुछ जलाशयों से पंजाब तथा राजस्थान को भी पानी मिलता है। पंजाब में जल स्तर घटकर चिंताजनक स्थिति में आ गया है।