मांग एवं आपूर्ति में संतुलन से जीरा का भाव स्थिर रहने की उम्मीद

14-Aug-2025 08:34 PM

राजकोट। घरेलू प्रभाग में जीरा की मांग एवं आपूर्ति के बीच लगभग संतुलन बना हुआ है और कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव के साथ लगभग स्थिरता बनी हुई है। दिसावरी व्यापारियों के साथ-साथ निर्यातकों की सक्रियता भी कम देखी जा रही है।

हालांकि ऊंझा मंडी में जीरे की सीमित आवक हो रही है और अब त्यौहारी सीजन भी आरंभ हो गया है लेकिन फिर भी जीरे की कीमतों में अपेक्षित तेजी नहीं देखी जा रही है। 

कमजोर मंडी भाव के कारण उत्पादकों को अपने उत्पाद का अपेक्षति मूल्य प्राप्त नहीं हो रहा और इसलिए उन्होंने मंडियों में इसकी आपूर्ति घटा दी है।

ऊंझा मंडी में रोजाना औसतन 6-8 हजार बोरी जीरे की आवक हो रही है लेकिन फिर भी इसकी व्यापारिक गतिविधियां कमजोर बनी हुई है।

ऊंझा मंडी में जीरा का भाव 3820/3900 रुपए प्रति 20 किलो चल रहा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तुर्की, सीरिया एवं अफगानिस्तान आदि का नया जीरा पहुंचने लगा है। इससे कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका है।