मांग में सुधार होने से चना की कीमतों में बढ़त

13-Jan-2026 06:16 PM

उत्पादक मंडियों में चना की आवक सीमित बनी रहने और घटे हुए भावों पर बिकवाली का दबाव शांत पड़ने से आज चना की कीमतों में तेजी का रुख देखा गया। हालिया गिरावट के बाद  से बिकवाली कम होने से बाजार में उपलब्धता सिमित बनी हुई है।

वहीं बंदरगाहों पर आयातित चना की उपलब्धता भी सीमित बताई जा रही है, जिसके चलते आयातक चना की बिकवाली धीमी गति से कर रहे हैं। आयातित माल की नियंत्रित बिक्री से घरेलू बाजार पर दबाव नहीं बन पा रहा है। इसके साथ ही दाल मिलर्स और व्यापारिक मांग में सुधार आने से बाजार में लिवाली बढ़ी है।

कमजोर बिकवाली और बढ़ती मांग के इस संयुक्त प्रभाव से चना की बढ़ती कीमतों को अच्छा समर्थन मिल रहा है। यदि आगे भी मंडियों में आवक सीमित रहती है और आयातित चना की उपलब्धता में खास बढ़ोतरी नहीं होती, तो निकट अवधि में चना के भावों में मजबूती का रुझान बने रहने की संभावना है।

दाल मिलर्स की सक्रियता बढ़ने से दिल्ली चना की कीमतों में आज 25 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया और इस सुधार के साथ भाव मध्य प्रदेश लाइन 5775/5800 रुपए व राजस्थान लाइन 5850/5875 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार जयपुर चना भी 50 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी के साथ 5900 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।

देसी चना की तेजी के समर्थन व मांग में सुधार होने से आयातित चना भी 25 रुपए प्रति क्विंटल सुधरकर मुंद्रा ऑस्ट्रेलिया 5525 रुपए कांडला 5550 रुपए तंज़ानिया 5475 रुपए व नवाशेवा 5625 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।