मूंगफली की घटती कीमतों के खिलाफ किसानों का हल्ला बोल
29-Jan-2025 04:32 PM
नगरकुर्नूल । दक्षिणी राज्य- तेलंगाना में खरीफ कालीन मूंगफली का भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे आने से किसान चिंतित तथा क्रोधित हैं। अपने उत्पाद का आकर्षक एवं लाभप्रद मूल्य नहीं मिलने से किसान काफी गुस्से में हैं।
पिछले दिन तेलंगाना में नगरकुर्नूल जिले के आचमपेट कृषि उत्पाद मंडी में तनाव उस समय बहुत बढ़ गया जब भारी संख्या में एकत्रित किसानों ने मंडी कार्यालय पर हमला बोल दिया।
कुछ स्टाफ सदस्यों की शिकायत है कि खरीदारों द्वारा किसानों को मूंगफली के लिए लाभप्रद मूल्य नहीं दिया जा रहा है जिससे उत्पादकों में आक्रोश बढ़ गया है।
गुस्साए किसानों ने बाजार समिति के चेयरपर्सन के पति का व्यापारियों के साथ सांठ गांठ है और इसलिए मूंगफली उत्पादकों से औने-पौने दाम पर उत्पाद की खरीद का प्रयास किया जा रहा है। काफी देर तक मंडी परिसर में हंगामा होता रहा।
उत्पादकों के अनुसार पिछले सप्ताह तक मूंगफली का भाव आचमपेट मंडी में करीब 7000 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा था लेकिन चालू सप्ताह के पहले दिन से ही इसमें जबरदस्त गिरावट आने लगी।
खरीदारों ने मूंगफली का भाव घटाना शुरू कर दिया और देखते ही देखते इसका दाम लुढ़ककर 4000-4500 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
खरीदारों ने उत्पाद की खराब क्वालिटी तथा अन्य कारणों का बहाना बनाकर किसानों को ऊंचा मूल्य देने से इंकार कर दिया।
किसानों की एक शिकायत यह भी है कि उसकी मूंगफली का स्टॉक सही तरीके से नहीं तौला जाता है। इसकी बार-बार शिकायत की गई मगर अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। हंगामें के बाद वहां पुलिस पहुंची लेकिन किसानों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसका विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
