मई में खाद्य तेलों का आयात बढ़कर 11.75 लाख टन पर पहुंचा

12-Jun-2025 05:19 PM

मुम्बई। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि मई 2025 में खाद्य तेलों का कुल आयात बढ़कर 11.75 लाख टन पर पहुंच गया जो दिसम्बर 2024 के बाद किसी एक माह का सबसे ऊंचा स्तर है। जनवरी 2025 में 10.08 लाख टन, फरवरी में 8.86 लाख टन, मार्च में 9.71 लाख टन तथा अप्रैल में 8.63 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया था। इससे पूर्व नवम्बर 2024 में 15.90 लाख टन तथा दिसम्बर 2024 में 11.86 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ था। इस तरह चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती सात महीनों में यानी नवम्बर 2024 से मई 2025 के दौरान देश में कुल 76.77 लाख टन खाद्य तेल का आयात किया गया जो 2023-24 सीजन के इन्हीं महीनों के आयात 85.68 लाख टन से काफी कम रहा।

मई 2025 में 80 हजार टन रिफाइंड खाद्य तेल एवं 10.95 लाख टन क्रूड खाद्य तेल का आयात हुआ जबकि अप्रैल में इसकी मात्रा क्रमश: 76 हजार टन एवं 7.87 लाख टन रही थी। इसे मिलाकर नवम्बर 2024 से मई 2025 तक कुल 8.19 लाख टन रिफाइंड एवं 68.58 लाख टन क्रूड खाद्य तेल मंगाया गया। 

एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार मई 2025 में करीब 5.93 लाख टन पाम तेल, 3.99 लाख टन सोयाबीन तेल एवं 1.84 लाख टन सूरजमुखी तेल का आयात किया गया। अप्रैल में मात्रा 3.22 लाख टन पाम तेल 3.61 लाख टन सोयाबीन तेल एवं 1.80 लाख टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ था। इस तरह अप्रैल की तुलना में मई के दौरान तीनों संवर्ग के खाद्य तेलों का आयात बढ़ गया। हकीकत तो यह है कि मई 2025 में पाम तेल का आयात पिछले छह माह में सबसे ऊंचा रहा। इससे पूर्व नवम्बर 2024 में 8.42 लाख टन पाम तेल उत्पादों का आयात हुआ था। पाम तेल के संवर्ग में क्रूड पाम तेल, आरबीडी पामोलीन तथा क्रूड पाम कर्नेल तेल शामिल रहता है। इंडोनेशिया एवं मलेशिया से इसका सर्वाधिक आयात होता है। 

नवम्बर 2023- मई 2024 की तुलना में नवम्बर 2024- मई 2025 के दौरान पाम तेल का आयात 49.77 लाख टन से घटकर 33.30 लाख टन, तथा सूरजमुखी तेल का आयात 19.98 लाख टन से गिरकर 16.76 लाख टन पर अटक गया मगर सोयाबीन तेल का आयात 15.93 लाख टन से उछलकर 26.71 लाख टन पर पहुंच गया। कुल खाद्य तेल आयात में सॉफ्ट तेलों की भागीदारी पाम तेल से ऊपर पहुंच गई।