मई में मलेशियाई पाम तेल के उत्पादन एवं निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी
12-Jun-2025 12:36 PM
कुआलालम्पुर। सरकारी एजेंसी- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) के नवीनतम आंकड़ों से ज्ञात होता है कि अप्रैल की तुलना में मई 2025 के दौरान मलेशियाई पाम तेल के उत्पादन एवं निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई और इसका बकाया अधिशेष स्टॉक भी बढ़ गया। एम्पोब की रिपोर्ट के मुताबिक मई 2025 के दौरान मलेशिया में 18.66 लाख टन के पिछले बकाया स्टॉक,17.72 लाख टन के उत्पादन तथा 69 हजार टन के आयात के साथ पाम तेल उत्पादों की कुल उपलब्धता बढ़कर 37.07 लाख टन पर पहुंची। इसमें से 13.87 लाख टन का निर्यात और 3.29 लाख टन का घरेलू उपयोग हुआ। इस तरह कुल उपयोग 17.17 लाख टन पर ही पहुंचा और माह के अंत में पाम तेल उत्पादों का अधिशेष स्टॉक बढ़कर 19.90 लाख टन पर पहुंच गया।
इससे पूर्व अप्रैल 2025 में वहां 15.63 लाख टन पाम तेल का पिछला स्टॉक मौजूद था जबकि 16.86 लाख टन के उत्पादन एवं 58 हजार टन के आयात के साथ इसका कुल स्टॉक 33.07 लाख टन पर पहुंचा था। उसमें से 11.04 लाख टन का निर्यात एवं 3.37 लाख टन का घरेलू उपयोग सहित कुल 14.41 लाख टन का इस्तेमाल हुआ और माह के अंत में 18.66 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच गया था।
एम्पोब की रिपोर्ट के मुताबिक मई 2024 के दौरान मलेशिया में 17.45 लाख टन के पिछला बकाया स्टॉक, 17.04 लाख टन के उत्पादन एवं 21 हजार टन के आयात के साथ पाम तेल की कुल उपलब्धता 34.70 लाख टन रही थी जिसमें से 17.17 लाख टन का इस्तेमाल हुआ था और महीने के अंत में 17.53 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच गया था। मई 2024 के दौरान मलेशिया से 13.82 लाख टन पाम तेल का निर्यात किया गया था जबकि देश के अंदर 3.34 लाख टन पाम तेल का उपयोग हुआ था।
उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया के बाद मलेशिया दुनिया में पाम तेल का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां पाम तेल उत्पादों का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर 20 लाख टन के करीब पहुंच गया है जिससे कीमतों पर दबाव पड़ने की संभावना है।
