मक्का अंतर्राष्ट्रीय समाचार

09-Jan-2026 08:11 AM

मक्का अंतर्राष्ट्रीय समाचार
एक्सपोर्ट सेल्स डेटा के अनुसार 1 जनवरी को समाप्त सप्ताह में मक्का की बिक्री मात्र 3,77,598 टन रही, जो 2025/26 के लिए अनुमानित 7–15 लाख टन से काफी कम थी। यह मौजूदा मार्केटिंग वर्ष का अब तक का सबसे निचला स्तर रहा और पिछले साल के इसी सप्ताह की तुलना में 15.1% कम था। सबसे बड़ा खरीदार दक्षिण कोरिया रहा, जिसने 1,39,000 टन मक्का खरीदा, जबकि जापान को 1,08,100 टन की बिक्री हुई। 2026/27 के लिए बिक्री 11,860 टन दर्ज की गई, जो 0 से 1 लाख टन के अनुमान के दायरे में रही।
सेंसस डेटा में अक्टूबर महीने के निर्यात आंकड़ों का विलंबित अपडेट सामने आया, जिसमें मक्का का शिपमेंट रिकॉर्ड 65.64 लाख टन (24.85 करोड़ बुशल) रहा। यह सितंबर की तुलना में 5.93% कम था, लेकिन अक्टूबर 2024 की तुलना में 63.38% अधिक रहा। डिस्टिलर्स ग्रेन्स का निर्यात 10.67 लाख टन रहा, जो पिछले साल के अक्टूबर के रिकॉर्ड से थोड़ा कम था। एथेनॉल का निर्यात भी महीने के हिसाब से रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचते हुए 18.5 करोड़ गैलन रहा।
यूएसडीए की WASDE रिपोर्ट सोमवार को जारी होगी। ब्लूमबर्ग सर्वे के अनुसार विश्लेषक मक्का का स्टॉक 1.985 अरब बुशल रहने का अनुमान लगा रहे हैं, जो यदि सही रहता है तो 4.4 करोड़ बुशल की कटौती को दर्शाएगा।