मक्का का निर्यात बढ़कर 24 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान
23-Jun-2026 04:28 PM
मुंबई। बेहतर उत्पादन कमजोर भाव एवं आयातक देशों में अच्छी मांग के कारण 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में भारत से मक्का का कुल निर्यात बढ़कर 24 लाख टन तक पहुंच जाने की सम्भावना है। हाल के महीनों में पडोसी देशों द्वारा भारतीय मक्का की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखाई गयी है। इसके आधार पर अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की विदेश कृषि सेवा (फास) के भारत स्थित कार्यालय (उस्डा पोस्ट) ने भारत से मक्का का सकल निर्यात तेजी से उछलकर 24 लाख टन के उच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।
दिलचस्प तथ्य यह है कि उस्डा ने अपनी पिछली मासिक रिपोर्ट में 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में भारत से 10 लाख टन मक्का के निर्यात की सम्भावना व्यक्त की थी जबकि उस्डा पोस्ट ने कुल निर्यात 24 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। भारत में मक्का के आयात का अनुमान घटाकर 50 हजार टन नियत किया गया था।
उपलब्ध आकड़ों के अनुसार नवम्बर 2025 से मार्च 2026 के पांच महीनों में भारत से कुल 9.96 लाख टन मक्का का निर्यात हुआ जो पिछले सीजन की समानअवधि के कुल शिपमेंट की तुलना में तीन गुणा से भी ज्यादा रहा। इस बार भारत से प्रति माह औसतन 2 लाख टन मक्का विदेश भेजा गया। भारतीय मक्का के प्रमुख खरीदार देशों में बांग्लादेश, वियतनाम, नेपाल, श्रीलंका एवं भूटान आदि शामिल है। इन देशों को भारत से मक्का मंगाना सस्ता पड़ता है। इन देशों में अन्य आपूर्तिकर्ता देशों - अमरीका, ब्राजील एवं अर्जेंटीना आदि की तुलना में भारत से मक्का जल्दी और कम खर्च में मंगाया जा सकता है। भूटान, नेपाल और बांग्लादेश में तो सड़क मार्ग से भी इसे भेजा जाता है। उस्डा पोस्ट के मुताबिक 2026-27 के सीजन में मक्का का निर्यात घट सकता है।
