मलेशियाई सीपीओ पर अप्रैल के लिए 10 प्रतिशत का निर्यात टैक्स बरकरार

19-Mar-2025 12:28 PM

कुआलालम्पुर। सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) द्वारा जारी एक सर्कुलर से पता चलता है कि मलेशियाई क्रूड पाम तेल (सीपीओ) पर मार्च की भांति अप्रैल में भी 10 प्रतिशत का निर्यात टैक्स लागू रहेगा क्योंकि इसका रिफरेंस मूल्य इसके अनुकूल आंका गया है।

दुनिया में पाम तेल के दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- मलेशिया में रिफरेंस मूल्य के आधार पर ही निर्यात टैक्स का निर्धारण होता है। 

एम्पोब ने अप्रैल माह के लिए क्रूड पाम तेल का रिफरेंस मूल्य 4547.79 रिंगिट प्रति टन आंका है जो मार्च के लिए आंकलित रिफरेंस मूल्य 4390.37 रिंगिट प्रति टन से भी ऊंचा है।

ध्यान देने की बात है कि मलेशिया में निर्यात टैक्स का ढांचा 2250 रिंगिट प्रति टन के रिफरेंस मूल्य से ही आरंभ हो जाता है।

इसके तहत यदि सीपीओ का रिफरेंस मूल्य 2250 से 2400 रिंगिट प्रति टन के बीच होता है तो उस पर 3 प्रतिशत का निर्यात टैक्स लगता है।

यह निर्यात टैक्स रिफरेंस मूल्य के साथ क्रमिक रूप से बढ़ता जाता है और इसका उच्चतम स्तर 10 प्रतिशत होता है। यदि रिफरेंस मूल्य 4050 रिंगिट प्रति टन से ऊपर पहुंचता है तो सीपीओ पर 10 प्रतिशत का उच्चतम निर्यात टैक्स लागू हो जाता है। पिछले कई महीनों से ऐसा हो रहा है क्योंकि क्रूड पाम तेल का भाव ऊंचे स्तर पर बरकरार है।

ऊंचे दाम एवं सर्वोच्च स्तर का टैक्स लागू होने के कारण मलेशियाई पाम तेल का निर्यात प्रभावित हो रहा है। वैसे फिलहाल वहां सीपीओ के उत्पादन का लीन या ऑफ सीजन होने से पाम तेल के स्टॉक में भी कमी आ रही है।