मुम्बई में 26-27 सितम्बर को व्हीट सम्मिट का आयोजन

14-Aug-2025 03:12 PM

नई दिल्ली। गेहूं के उत्पादन, उपयोग, कारोबार तथा बाजार भाव के सम्बन्ध में व्यापक एवं सटीक सूचना तथा आवश्यक आंकड़ा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से टेफ्लाज द्वारा आगामी 26 एवं 27 सितम्बर  2025 को 'दि वेस्टइन पंवई लेक होटल', मुम्बई में दो दिवसीय व्हीट सम्मिट (गेहूं सम्मेलन) का आयोजन किया जा रहा है।

इसमें अनेक नीति निर्माता, फ्लोर मिलर्स, व्यापारी, बीज कंपनियों तथा कृषि तकनीक से जुड़े प्रतिष्ठानों के शामिल होने की उम्मीद है। यह सम्मिट अनेक तरह से लाभदायक साबित होने वाला है।

चीन के बाद भारत दुनिया में गेहूं का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक एवं खपतकर्ता देश है लेकिन चीन के विपरीत भारत गेहूं के उत्पादन में लगभग आत्मनिर्भर है और यहां विदेशों से इसके आयात की नगण्य आवश्यकता पड़ती है।

इसके फलस्वरूप वैश्विक गेहूं बाजार की हलचलों का भारत पर कोई खास असर नहीं पड़ता है। लेकिन घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता तथा मांग एवं खपत के बीच समीकरण (संतुलन) में आने वाले बदलाव के कारण कीमतों में उतार- चढ़ाव का माहौल बना रहता है।

व्हीट सम्मिट में गेहूं के घरेलू बाजार मूल्य में आगामी समय के दौरान आने वाले संभावित उतार-चढ़ाव के बारे में ठोस अनुमान लगाया जाएगा और खेतों से फ्लोर मिलों तक गेहूं तथा फ्लोर मिलों से उपभोक्ता के घरों तक गेहूं उत्पादों (आटा, मैदा, सूजी आदि)

की आपूर्ति श्रृंखला के परिदृश्य पर गम्भीरतापूर्वक चिंतन-मंचन किया जाएगा। गेहूं उत्पादन उद्योग एवं व्यापार के अनेक दिग्गज विश्लेषक-विशेषज्ञ इस कार्यक्रम में आंकड़ों के साथ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे जिससे सभी पक्षों को अपनी आगामी रणनीति बनाने में सहायता मिलेगी।