मानसून की अच्छी बारिश से बांधों का जलस्तर बढ़ा
11-Jul-2025 11:19 AM
नई दिल्ली। देश के विभिन्न भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता से अच्छी बारिश का दौर जारी रहने से देश के 161 प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में पानी का स्तर बढ़कर 50 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है।
पिछले कुछ दिनों के अंदर देश के मध्यवर्ती एवं पश्चिमोत्तर राज्यों में भारी वर्षा हुई है और इसका सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है जिससे बांधों का जल स्तर नियमित रूप से बढ़ सकता है।
केन्द्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक बढ़कर 94.513 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पर पहुंच गया है
जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 182.461 बीसीएम का 51.80 प्रतिशत है। यह जल स्तर गत वर्ष की समान अवधि से 95 प्रतिशत बिंदु तथा 10 वर्षीय औसत स्तर से 82.5 प्रतिशत बिंदु ज्यादा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर अभी तक सामान्य औसत के मुकाबले 14 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है।
दीर्घकालीन औसत (एलपीए) के सापेक्ष मध्यवर्ती भाग में 42 प्रतिशत तथा पश्चिमोत्तर राज्यों में 36 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई है और वहां मानसून फिलहाल सक्रिय है।
दूसरी ओर एलपीए की तुलना में देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में 19 प्रतिशत तथा दक्षिणी प्रायद्वीप में 5 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।
वैसे कुल मिलाकर चालू सप्ताह के दौरान देश के सभी पांच संभागों में बांधों- जलाशयों में पानी के स्टॉक (स्तर) में बढ़ोत्तरी हुई है। दक्षिण भारत के बांधों में जल स्तर बढ़कर 60 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है
और वहां तमिलनाडु के जलाशयों में पानी का भंडार सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। राज्य के बांधों में भंडारण क्षमता के मुकाबले 92.70 प्रतिशत पानी भरा हुआ है जबकि कर्नाटक के जलाशयों में 66 प्रतिशत एवं केरल के जलाशयों में 59 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद है।
भंडारण क्षमता के मुकाबले पानी का स्टॉक आंध्र प्रदेश के बांधों में 59 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद है। भंडारण क्षमता के मुकाबले पानी का स्टॉक आंध्र प्रदेश के बांधों में 52.55 प्रतिशत तथा तेलंगाना के जलाशयों में सबसे कम 36.36 प्रतिशत है।
कुल मिलाकर दक्षिण भारत के बांधों-जलाशयों में 54.959 बीसीएम की भंडारण क्षमता के मुकाबले 61.5 प्रतिशत या 33.792 बीसीएम पानी का स्टॉक उपलब्ध है।
कर्नाटक, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना का कई जिलों में मानसून की वर्षा का अभाव बना हुआ है मगर तमिलनाडु एवं केरल में अच्छी बारिश हो रही है।
