मानसून पुनः सक्रिय हुआ- आगे अच्छी बारिश के आसार
17-Jun-2025 11:54 AM

नई दिल्ली। एक पखवाड़े से अधिक समय तक शांत और निष्क्रिय रहने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब दोबारा सक्रिय हो गया है जिससे आगामी दिनों में देश के विभिन्न भागों में अच्छी बारिश होने तथा धूप-गर्मी की तपिश घटने की उम्मीद है।
मौसम अधिकारियों के अनुसार चालू सप्ताह के दौरान मानसून आगे बढ़कर देश के मध्यवर्ती भाग में पहुंच जाएगा। उत्तरी भारत के प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों में भी वर्षा होने तथा तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।
लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर की विशाल अर्थव्यवस्था वाले देश- भारत के लिए दक्षिण- पश्चिम मानसून को कृषि क्षेत्र का जीवन रक्षक टॉनिक माना जाता है। देश में करीब 70 प्रतिशत वर्षा इसी मानसून सीजन में जून से सितम्बर के चार माह की अवधि के दौरान होती है।
उल्लेखनीय है कि भारत में आधा से अधिक कृषि क्षेत्र वर्षा पर आश्रित है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में मौसम की अनुकूल प्रणाली के विकसित होने से मानसून की तीव्रता, सघनता एवं गतिशीलता में इजाफा हुआ है जिससे इसे चालू सप्ताह के दौरान समूचे मध्यवर्ती भारत को कवर करने में सहायता मिलेगी।
चालू सप्ताह के पहले दिन यानी 16 जून को समूचे महाराष्ट्र में अच्छी बारिश के साथ मानसून सक्रिय हो गया और आगे बढ़कर पड़ोसी राज्य- गुजरात में प्रवेश कर गया। इसके साथ-साथ मानसून मध्य प्रदेश में भी सक्रिय हो गया है।
मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार अच्छी है और इसलिए विभिन्न राज्यों में वर्षा का दौर आरंभ हो गया है। इसका सिलसिला आगे भी बरकरार रहने की उम्मीद है। इससे किसानों को खरीफ फसलों की खेती करने में अच्छी सहायता मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून को अपेक्षित मजबूती मिल गई और अगले 10 दिनों के दौरान पश्चिमी तट, मध्यवर्ती क्षेत्र एवं उत्तरी भारत के कुछ इलाकों में सामान्य से लेकर भारी बारिश होने की उम्मीद है। इससे तापमान काफी घट जाएगा और खरीफ फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ जाएगी।