मानसून पुनः सक्रिय- केरल में भारी बारिश की चेतावनी
12-Jun-2025 11:00 AM
तिरुअनन्तपुरम। पिछले दिन तेलंगाना, केरल एवं माही में अत्यन्त मूसलाधार बारिश हुई क्योंकि वहां दक्षिण-पश्चिम मानसून पुनः सक्रिय हो गया लगता है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर जारी गतिविधियों के कारण दक्षिणी प्रायद्वीप में भारी से लेकर अत्यन्त भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
14 से 16 जून के बीच केरल और माही में अत्यन्त भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा तटीय एवं दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पांडिचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। पिछले कई दिनों से मानसून सुस्त पड़ा हुआ था जिससे वर्षा का अभाव हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दिन नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उड़ीसा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, तमिलनाडु, पांडिचेरी, कराईकल और तटीय कर्नाटक में भारी वर्षा दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ को इसका कारण माना गया। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ पिछले दो दिन से दक्षिणी ईरान एवं इसके निकटवर्ती अफगानिस्तान के ऊपर अटका हुआ है। 13 जून से भारत के पश्चिमोत्तर क्षेत्र पर इसका असर पड़ना शुरू हो सकता है। इसका प्रवाह दक्षिण की ओर रहेगा और यह मानसून की पूर्वी दिशा में प्रचलित हवा के साथ मिल जाएगा जो बंगाल की खाड़ी से आ रही होगी। लेकिन यह कहना मुश्किल है कि इस सम्मिलन से कम दाब का क्षेत्र बनेगा या नहीं।
उधर पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर एक बड़े मानसून ट्रफ का निर्माण हो रहा है और इसकी सघनता बढ़ती जा रही है। जिस समय भारत के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ना शुरू होगा उसी समय दक्षिण-पश्चिमी चीन में मानसून का यह ट्रफ पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। पिछले दिन भी चीन के कई भागों में भारी बारिश हुई।
