मौसम अनुकूल होने से वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में फसलों का उत्पादन बढ़ने का अनुमान

18-Aug-2025 05:08 PM

होबार्ट। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में मौसम एवं वर्षा की हालत अनुकूल होने से शीतकालीन फसलों का कुल उत्पादन अनुमान गत माह के 193 लाख टन से बढ़ाकर अब 319 लाख टन निर्धारित किया गया है।

तीन प्रमुख फसलों- गेहूं, जौ कैनोला का उत्पादन पंचवर्षीय औसत से बेहतर होने के आसार हैं। गेहूं का औसत उत्पादन 112 लाख टन, जौ का 52 लाख टन तथा कैनोला का 28 लाख टन आंका गया है। जई का उत्पादन 7 लाख टन से ऊपर पहुंचने का अनुमान है। 

ग्रेन्स इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (गीवा) ने चालू वर्ष के दौरान प्रांतीय स्तर पर 115 लाख टन गेहूं, 59.70 लाख टन जौ, 31.05 लाख टन कैनोला, 7.08 लाख टन जई, 5.25 लाख टन ल्यूपिन तथा 1.20 लाख टन दलहनों के साथ शीतकालीन फसलों का कुल उत्पादन 219.28 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।

दलहनों का उत्पादन क्विनाना क्षेत्र में 40 हजार टन, अल्बनी में 25 हजार टन, इस्पेरेंस में 50,000 टन तथा जेराल्डटन संभाग में 5 हजार टन होने की संभावना व्यक्त की गई है जिसमें देसी चना, मसूर, फाबा बीन्स और मटर आदि शामिल है। अधिकांश इलाकों में फसलों की हालत संतोषजनक है। 

एसोसिएशन के अनुसार आमतौर पर शीतकालीन फसलों की औसत उपज दर गत वर्ष के आसपास ही रहने की संभावना है मगर बिजाई क्षेत्र में हुई वृद्धि के कारण इसके कुल उत्पादन में इजाफा होने के आसार हैं। उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया से भारत में मुख्यतः मसूर एवं देसी चना और कभी-कभार गेहूं का आयात किया जाता है।