मटर पर आयात शुल्क का विवाद सुलझाने हेतु कनाडा करेगा चीन से बातचीत
05-Jun-2025 03:47 PM
सस्काटून। पल्स कनाडा के अध्यक्ष ने कहा है कि संघीय सरकार चीन के साथ मटर पर आयात शुल्क का विवाद सुलझाने का प्रयास करेगी। चीन ने कनाडा के कुछ महत्वपूर्ण कृषि उत्पादों एवं सी फूड प्रोडक्ट्स पर भारी-भरकम सीमा शुल्क लगा दिया है। इसमें मटर भी शामिल है जिस पर 100 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाया गया है। चीन कनाडाई मटर का प्रमुख बाजार रहा है और यदि यह हाथ से निकल गया तो कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों की कठिनाई बहुत बढ़ जाएगी।
कनाडा की सरकार सर्वोत्तम स्तर पर चीन के साथ समग्र व्यापारिक रिश्ते को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे है क्योंकि चीन कनाडा से मटर सहित अनेक अन्य कृषि उत्पादों का बड़े पैमाने पर आयात करता है। द्विपक्षीय बातचीत के दौरान कनाडा की ओर से चीन के बाजार में कनाडाई निर्यातकों एवं उत्पादों की अधिक से अधिक पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। दूसरी ओर चीन भी कनाडा से ऐसी ही मांग कर सकता है।
सीमा शुल्क का विवाद कनाडा ने ही शुरू किया था जब उसने चीन के कुछ उत्पादों पर एक तरफा शुल्क लगा दिया था। चीन ने पहले मामला सुलझाने का प्रयास किया मगर जब बात नहीं बनी तब उसने 20 मार्च 2025 को कनाडाई मटर तथा कैनोला तेल एवं ऑयल मील पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा दिया। इससे पूर्व कनाडा ने चीन में निर्मित इलेक्ट्रिक वाहनों पर 100 प्रतिशत का आयात शुल्क तथा स्टील एवं अल्युमिनियम पर 25 प्रतिशत का सरचार्ज लगा दिया था। दरअसल कनाडा ने अमरीका तथा यूरोपीय संघ की तर्ज पर चाइनीज वाहनों पर आयात शुल्क लगाया था। वैसे यूरोपीय संघ ने चीन के विद्युत चालित वाहनों पर 35.3 प्रतिशत का ही शुल्क लगाया। कनाडा में अब नए प्रधानमंत्री का कार्य काल शुरू हो गया है।
