मध्य प्रदेश में एमएसपी पर मूंग एवं उड़द की खरीद का निर्णय

14-Jun-2025 04:02 PM

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में ग्रीष्मकाल या जायद सीजन के दौरान उत्पादित मूंग एवं उड़द की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 19 जून 2025 से किसानों का रजिस्ट्रेशन आरंभ हो जाएगा और फिर खरीद की प्रक्रिया शुरू होगी। राज्य सरकार ने इस आशय का प्रस्ताव केन्द्र के पास भेज दिया है और वहां से इसकी स्वीकृति प्राप्त होते ही प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु केन्द्र सरकार ने मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 8682 रुपए प्रति क्विंटल (100 किलो) तथा उड़द का समर्थन मूल्य 7900 रुपए प्रति क्विंटल  निर्धारित किया है और किसानों से इसी मूल्य स्तर पर दलहनों की खरीद की जाएगी। मध्य प्रदेश में उड़द एवं मूंग का उत्पादन जायद सीजन में भी बड़े पैमाने पर होता है। इससे पूर्व केन्द्रीय कृषि मंत्री ने उत्तर प्रदेश में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जायद कालीन मूंग एवं मूंगफली की खरीद शुरू करने की मंजूरी दी थी और उड़द तथा मक्का जैसे उत्पादों की खरीद के लिए आश्वासन दिया था। 

भारत में दलहन-तिलहन फसलों का अधिकांश उत्पादन खरीफ एवं रबी सीजन में होता है जबकि जायद सीजन के दौरान कुछ ही राज्यों के सीमित क्षेत्रफल में इसकी खेती होती है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं गुजरात जैसे राज्य शामिल है। 

मूंग एवं उड़द का थोक मंडी भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे आ गया है और इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। सरकारी खरीद होने से उत्पादकों को राहत मिलेगी। 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मूंग तथा उड़द के उत्पादकों से अपना रजिस्ट्रेशन करवाने का आग्रह किया है ताकि उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ हासिल हो सके। उल्लेखनीय है कि पंजीकरण की प्रक्रिया में काफी देर होने से किसान चिंतित थे क्योंकि एक तरफ मानसून आने वाला था और दूसरी ओर खरीफ फसलों की बिजाई के लिए तैयारी करनी थी। अब सरकारी घोषणा के बाद किसानों की चिंता दूर हो गई है।