मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर सोयाबीन खरीदने की घोषणा

12-Sep-2024 12:58 PM

भोपाल । मध्य प्रदेश सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर भारी मात्रा में सोयाबीन की खरीद करने का निर्णय लिया है और इसके लिए विधिवत अधिसूचना भी जारी कर दी है।

अधिसूचना के अनुसार राज्य के सभी उत्पादक जिलों में सोयाबीन की खरीद की जाएगी। मध्य प्रदेश में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी सितम्बर अंत से अक्टूबर अंत तक होती है। 

अधिसूचना के अनुसार 2024-25 सीजन के लिए मध्य प्रदेश में सोयाबीन के उत्पादन का अभी तक अनुमान नहीं लगाया गया है क्योंकि गिरदावरी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।

इसलिए पिछले साल के उत्पादन आंकड़े को ही आधार बनाया गया है। 2023-24 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान मध्य प्रदेश में 68.36 लाख टन सोयाबीन का उत्पादन आंका गया  था।

इस बार सरकार ने कुल उत्पादन के 40 प्रतिशत भाग की खरीद करने का निश्चय किया है जो 27.34 लाख टन बैठता है। 

केन्द्र सरकार ने सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2023-24 सीजन के 4600 रुपए प्रति क्विंटल से 292 रुपए या 6.3 प्रतिशत बढ़ाकर 2024-25 सीजन के लिए 4892 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। 

अधिसूचना में कहा गया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपने उत्पाद की बिक्री करने के इच्छुक किसानों को रजिस्ट्रेशन करवाना होगा और इसके लिए कुछ दस्तावेज पेश करने होंगे।

इसमें आधार कार्ड, बैंक अकाउंट, भूमि स्वामित्व के कागजात आदि शामिल है। कटाईदार किसानों को सिकमी का अनुबंध दिखाना जरूरी है।

मध्य प्रदेश सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है। वहां बेहतर उत्पादन की संभावना से इस महत्वपूर्ण तिलहन का मंडी भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे आ गया है जिससे किसान बेहद चिंतित और परेशान हैं।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया था कि समर्थन मूल्य पर उसके सोयाबीन की भारी खरीद की जाएगी।