म्यांमार में जनवरी में 1.05 लाख टन से अधिक दलहनों का निर्यात
03-Feb-2025 05:08 PM
रंगून । भारत के पूर्वोत्तर पड़ोसी देश- म्यांमार से उड़द, तुवर एवं मूंग जैसे दलहनों का निर्यात नियमित रूप से जारी है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 के दौरान वहां से 80,266 टन उड़द, 5606 टन तुवर एवं 20,081 टन मूंग के साथ 1.05 लाख टन से अधिक दलहनों का निर्यात हुआ। उड़द एवं तुवर का अधिकांश शिपमेंट भारत को किया गया। भारत में मूंग का आयात नहीं होता है।
इससे पूर्व वर्ष 2024 की सम्पूर्ण अवधि में यानी जनवरी-दिसम्बर के दौरान म्यांमार से करीब 8,89,624 टन उड़द, 3,13,365 टन तुवर तथा 6,01,633 टन मूंग का निर्यात हुआ था।
उड़द का अधिकांश तथा तुवर का लगभग सम्पूर्ण भाग भारतीय आयातकों ने मंगा लिया जबकि मूंग का आयात चीन, थाईलैंड तथा यूरोपीय देशों को किया गया।
जनवरी तक म्यांमार में तुवर की आपूर्ति का ऑफ सीजन चल रहा था मगर नई फसल की आवक शुरू होने से इसके निर्यात शिपमेंट की गति तेज होने की संभावना है। इस वर्ष म्यांमार में करीब 3 लाख टन तुवर के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा है।
भारत की मांग के आधार पर म्यांमार में तुवर एवं उड़द का भाव घटता-बढ़ता रहता है। चूंकि भारत में पूर्व में हुए रिकॉर्ड आयात के साथ-साथ नया घरेलू माल भी तेजी से आने के कारण तुवर की आपूर्ति एवं उपलब्धता काफी बढ़ गई है इसलिए इस महत्वपूर्ण दलहन का खुला बाजार भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) यानी 7550 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास आ गया है।
इसके फलस्वरूप म्यांमार में भी तुवर के निर्यात ऑफर मूल्य में काफी गिरावट आई है। उड़द का हाल भी कुछ ऐसा ही है लेकिन भारत में इसकी नई फसल काफी पहले से आ रही है।
आमतौर पर म्यांमार से पूरे साल उड़द का भारी निर्यात होता रहता है लेकिन अन्य महीनों की तुलना में अक्टूबर-दिसम्बर के दौरान शिपमेंट कुछ घट जाता है।
जनवरी से निर्यात की रफ्तार पुनः बढ़ने लगती है। मई 2024 में म्यांमार से करीब 1.03 लाख टन उड़द एवं लगभग 41 हजार टन तुवर का निर्यात हुआ जो अन्य महीनों की तुलना में सबसे ज्यादा रहा।
