म्यांमार से 97 कृषि उत्पादों का निर्यात ऑटोमैटिक लाइसेंस सिस्टम के तहत होगा

12-Jun-2025 08:38 PM

रंगून। म्यांमार के विदेश व्यापार विभाग ने 9 जून 2025 को जारी एक निर्यात-आयात बुलेटिन में कहा गया है कि चावल और दलहन सहित 97 कृषि उत्पादों का निर्यात ऑटोमैटिक लाइसेंस सिस्टम के अंतर्गत करने की अनुमति दी जाएगी।

इस सिस्टम से स्वयं ही लाइसेंस जारी हो जाएगा और इसके लिए विभाग को उसकी समीक्षा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उल्लेखनीय है की गैर स्वचालित प्रणाली के अंतर्गत व्यापारियों को पहले लाइसेंस के लिए आवेदन करना पड़ता है और विदेश व्यापार विभाग द्वारा  इसका आंकलन किया जाता है। 

विदेश व्यापार विभाग वैसे भी बंदरगाहों से और सीमा मार्ग से कृषि उत्पादों के निर्यात में कभी कोई अड़ंगेबाजी नहीं करता है और सिर्फ निर्यात लाइसेंस के लिए आवेदन करते ही सभी वस्तुओं के निर्यात की स्वीकृत प्रदान करता रहा है। लेकिन भूकंप आने के बाद कृषि उत्पादों के निर्यात की प्रक्रिया थम गई थी जिसे अब सामान्य बना दिया गया है।

अब स्वचालित लाइसेंस प्रणाली के तहत निर्यातकों को आवेदन करते ही निर्यात की अनुमति प्राप्त हो जाएगी जिससे उन्हें निर्बाध ढंग से अपनी गतिविधियां संचालित करने में आसानी होगी। 

गैर स्वचालित लाइसेंस प्रणाली की सीमा से जिन वस्तुओं को बाहर निकालकर अब ऑटोमैटिक सिस्टम में सम्मिलित किया गया है उसमें लहसुन, प्याज एवं दलहनों के 58 उत्पाद, चावल, मक्का मिलेट्स गेहूं की 25 किस्मों तथा तिलहनों की 14 श्रेणियां शामिल है। 10 अंकों के एच एस कोड वाले इन 97 उत्पादों के निर्यात संचालन की अनुमति 15 से 31 अगस्त 2025 तक के लिए दी जाएगी।