म्यांमार से भारी आयात के कारण उड़द की कीमतों में गिरावट का माहौल

29-Apr-2025 11:47 AM

चेन्नई। पूर्वोत्तर पड़ोसी देश- म्यांमार में इस बार उड़द का शानदार उत्पादन हुआ है और वहां से भारत में सस्ते दाम पर इसका भारी आयात हो रहा है।

इधर घरेलू प्रभाग में रबी कालीन उड़द के नए माल की अच्छी आवक हो रही है जबकि जायद सीजन की फसल भी जल्दी ही तैयार होने वाली है।

दूसरी ओर उड़द की मांग कमजोर देखी जा रही है क्योंकि अन्य दलहनों की अच्छी उपलब्धता बनी हुई है। उपरोक्त कारणों से उड़द की कीमतों पर दबाव काफी बढ़ गया है और नवम्बर 2024 से अब तक इसके दाम में करीब 25 प्रतिशत की जोरदार गिरावट आ चुकी है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भारत में वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान 6.24 लाख टन उड़द का आयात हुआ था जो 2024-25 के वित्त वर्ष (अप्रैल-मार्च) में 32 प्रतिशत उछलकर 8.23 लाख टन से ऊपर पहुंच गया।

कमजोर घरेलू मांग एवं आपूर्ति तथा उपलब्धता की सुगम स्थिति के कारण उड़द के दाम में नरमी या स्थिरता का माहौल बना हुआ है। म्यांमार में इस बार उड़द का रिकॉर्ड उत्पादन होने की सूचना मिल रही है जिससे भारत में इसका विशाल आयात हो रहा है।

रबी सीजन की नई फसल पहले से आ रही है जबकि आगामी सप्ताहों के दौरान गुजरात एवं मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में उड़द की जायद या ग्रीष्मकालीन फसल भी आने लगेगी।

इससे इस महत्वपूर्ण दलहन की कीमतों पर आगे दबाव कुछ और बढ़ने की संभावना है। दिलचस्प तथ्य यह है कि सरकार के पास उड़द का स्टॉक घटकर न्यूनतम स्तर पर आ गया है।

यदि 7400 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी एजेंसियों द्वारा किसानों से उड़द की जोरदार खरीद का प्रयास किया गया तो इसकी कीमतों में नरमी की तीव्रता पर कुछ हद तक अंकुश लग सकता है। 

प्राप्त सूचना के अनुसार म्यांमार में उड़द का उत्पादन पिछले साल के करीब 7.50 लाख टन से बढ़कर  इस वर्ष 8.50 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान है जिसका अधिकांश भाग भारत को निर्यात किया जाएगा।

आई ग्रेन इंडिया के डायरेक्टर राहुल चौहान का मानना है कि भारत में चालू वर्ष के दौरान उड़द का आयात पिछले साल से भी ज्यादा हो सकता है।

म्यांमार में उत्पादित उड़द के नए माल का निर्यात शिपमेंट भारत के लिए पहले ही आरंभ हो चुका है। कुछ व्यापार विश्लेषक तो इस बार म्यांमार में 9-10 लाख टन उड़द के उत्पादन का अनुमान व्यक्त कर रहे हैं।

नवम्बर 2024 में उड़द का औसत घरेलू बाजार भाव 9500 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा था जो अब  घटकर 7200 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास आ गया है।

घटते भाव को देखते हुए कारोबारी काफी सतर्क हो गए है और केवल अपनी तात्कालिक जरूरत को पूरा करने के लिए ही इसकी खरीद कर रहे हैं।