नए माल की आपूर्ति बढ़ने से कनाडा में मटर का भाव नरम

21-Aug-2025 03:35 PM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा में प्रेयरीज संभाग के दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- सस्कैचवान तथा अलबर्टा में मटर की नई फसल की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने लगी है और मंडियों में नए माल की आपूर्ति बढ़ने तथा प्रमुख आयातक देशों की खरीद की गति धीमी रहने से इसकी कीमतों में चालू सप्ताह के दौरान कुछ और नरमी आ गई।

मूवमेंट एवं लोकेशन के आधार पर पीली मटर का डिलीवरी मूल्य घटकर 8.00-8.50 डॉलर प्रति बुशेल पर आ गया है। वैसे 8.50 डॉलर प्रति बुशेल स्तर पर खरीदारों का मिलना काफी मुश्किल हो रहा है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार अंतिम उपयोगकर्ताओं की मांग का अभाव होने से पीली मटर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। इसी तरह हरी मटर का मूल्य भी गिरकर 12.00-12.50 डॉलर प्रति बुशेल रह गया है जो पिछले सप्ताह के ऊंचे भाव से 50 सेंट कम है।

बेमौसमी वर्षा से हरी मटर की क्वालिटी प्रभावित होने की सूचना मिल रही है जिससे इसका दाम कुछ और नरम पड़ सकता है। भारत में सिर्फ पीली मटर मंगाई जाती है और सरकार ने 31 मार्च 2026 तक इसके आयात को सीमा शुल्क से मुक्त कर दिया है।

भारतीय आयातक इसकी खरीद में जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं क्योंकि उन्हें कनाडा में नई फसल की जोरदार कटाई-तैयारी होने पर कीमतों में कुछ और नरमी आने का भरोसा है। मापले मटर का बाजार शांत पड़ा हुआ है और इसकी कीमतों में कोई उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है। 

कनाडाई निर्यातकों को भारत और चीन से काफी उम्मीद है लेकिन इन दोनों प्रमुख आयातक देशों के साथ अपनी-अपनी समस्याएं हैं। कनाडा में चाइनीज इलेक्ट्रिक वाहनों के आयात पर भारी-भरकम सीमा शुल्क लगाए जाने के बाद चीन की सरकार ने मार्च 2025 में कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का ऊंचा आयात शुल्क लगा दिया।

इसे हटवाने का अब तक किया गया प्रयास सफल नहीं हुआ है। इधर भारत में दाल-दलहन बाजार में स्थिरता आ गई है और आपूर्ति तथा उपलब्धता की जटिलता काफी हद तक खत्म  हो गई है।

हालांकि त्यौहारी सीजन में ऑस्ट्रेलिया एवं अफ्रीका से चना तथा कनाडा और रूस से पीली मटर का आयात कुछ बढ़ने की उम्मीद की जा रही है लेकिन इसका स्तर पिछले साल से काफी नीचे रह सकता है।