नए माल की जोरदार आपूर्ति से ऑस्ट्रेलियाई दलहनों के निर्यात में वृद्धि
08-Jan-2026 01:43 PM
ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर 2025 से चना एवं मसूर सहित अन्य दलहन फसलों की कटाई-तैयारी आरंभ हुई और इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता में जोरदार वृद्धि होने से नवम्बर में इसका निर्यात प्रदर्शन बेहतर हो गया।
2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में मसूर का रिकॉर्ड तथा देसी चना का शानदार उत्पादन हुआ है।
सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की नई रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर में 97,622 टन देसी चना का निर्यात हुआ था जो नवम्बर में सुधरकर 3,88,832 टन पर पहुंच गया। नवम्बर में ऑस्ट्रेलिया से भारत को सबसे अधिक 2,30,982 टन देसी चना का शिपमेंट किया गया।
उसके बाद बांग्ला देश को 91,569 टन तथा पकिस्तान को 35,503 टन चना भेजा गया। शेष चना का निर्यात अन्य देशों को हुआ। भारत में चना की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है और कीमतों में भी विशेष उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है लेकिन इसके बावजूद नवम्बर में आयात काफी बढ़ गया क्योंकि ऑस्ट्रेलिया में भाव नरम चल रहा था।
नवम्बर 2025 के दौरान भारत में ऑस्ट्रेलिया से भारत का आयात भी तेजी से बढ़कर 1,54,083 टन पर पहुंच गया जबकि उसी महीने में बांग्ला देश ने ऑस्ट्रेलिया से 54,566 टन तथा संयुक्त अरब अमीरात ने 22,073 टन मसूर का आयात किया।
नवम्बर 2025 में ऑस्ट्रेलिया से मसूर का कुल निर्यात उछलकर 2,70,152 टन पर पहुंच गया जो अक्टूबर में कमजोर शिपमेंट 45,311 टन से कई गुणा अधिक रहा। मुस्लिम बहुल देशों में अब रमजान के लिए चना का आयात बढ़ाने का प्रयास किया जा सकता है।
