नैफेड 19 जनवरी को कृषि उत्पादों के लिए ई-नीलामी साइट खोलेगा
08-Jan-2026 04:23 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नैफेड) को मुख्यत: किसानों से दलहन, तिलहन एवं कोपरा की खरीद का दायित्व सौंपा जाता है।
अब इन उत्पादों की खरीद बिक्री के लिए महासंघ ने 19 जनवरी 2026 को अपना ई-नीलामी पोर्टल आरंभ करने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि अभी तक इस केन्द्रीय एजेंसी को अपने स्टॉक की बिक्री के लिए प्राइवेट प्लेटफार्म का इस्तेमाल करना पड़ता था।
इस एजेंसी द्वारा मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) तथा मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) स्कीम के अंतर्गत किसानों से करीब 53 लाख दलहन-तिलहन की वार्षिक खरीद की गई थी जिसे बेचने के लिए उसे निजी प्लेटफार्म का सहारा लेना पड़ रहा है।
लेकिन जब उसका अपना पोर्टल आरंभ हो जाएगा तब प्राइवेट प्लेटफार्म की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। एक अन्य केन्द्रीय एजेंसी- राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) को भी अपने उत्पादों की बिक्री इन प्राइवेट प्लेटफार्म के माध्यम से करनी पड़ रही है।
नैफेड का यह पोर्टल-नैफेक्स डॉट इन (Nafex.in) एक प्रतिष्ठान परामर्श फर्म- डिलाइट के सहयोग से विकसित किया गया है।
शुरुआती दौर में स्वयं नैफेड द्वारा इसका इस्तेमाल किया जाएगा और बाद में प्रांतीय स्तर के सहकारी महासंघों तथा एजेंसियों को भी इस पोर्टल पर अपने उत्पादों की ई-नीलामी आरंभ करने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।
मौजूदा समय में प्राइवेट एजेंसियां अपने पोर्टल का इस्तेमाल करने के लिए खरीदारों से शुल्क के रूप में खरीद-बिक्री वाले उत्पादों के कुल मूल्य की 0.03 प्रतिशत राशि वसूल करती है जबकि नैफेड का पोर्टल शुल्क मुक्त हो सकता है। इससे खरीदारों को राहत मिलेगी और नैफेड को बिक्री बढ़ाने में सहायता प्राप्त होगी।
