नैफेड द्वारा भारत ब्रांड के उत्पादों की प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग के लिए निविदा आमंत्रित
17-Oct-2024 03:08 PM
नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी तथा भारत ब्रांड नाम वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री के लिए एक प्राधिकृत निकाय-भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नैफेड) ने अखिल भारतीय स्तर पर भारत ब्रांड की उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग तथा परिवहन के लिए इच्छुक फर्मों से निविदा आमंत्रित की है।
नैफेड के ई-पोर्टल पर ई-नीलामी के जरिए निविदा की जानी है। जिन उत्पादों के लिए निविदा मंगाई गई है उसमें चना दाल, साबुत चना, मूंग धुली, मूंग साबुत, मसूर मल्का विखंडित, चावल तथा आटा शामिल है।
उत्पादों की नीलामी की तिथि 19 अक्टूबर 2024 नियत की गई है मगर विभिन्न क्षेत्रों के लिए इसका समय अलग-अलग होगा और यह दो चरणों में आयोजित होगी। नीलामी केन्द्रों में नैफेड आरबीडी (दिल्ली), चंडीगढ़, लखनऊ, पटना, मुम्बई, रायपुर, अहमदाबाद, कोलकाता और बंगलौर सम्मिलित हैं।
इस निविदा के तहत 3600 टन चना दाल, 900 टन साबुत चना, 1800 टन मूंग धुली, 1800 टन मूंग साबुत, 1800 टन मसूर मलका स्पलिट, 4500 टन चावल तथा 4500 टन गेहूं आटा की नीलामी होगी जिसकी प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग करके नैफेड के पास पहुंचाने की आवश्यकता पड़ेगी।
सभी नीलामी केन्द्रों में से प्रत्येक के लिए 400 टन चना दाल, 100 टन साबुत चना, 200 टन मूंग धुली, 200 टन मूंग साबुत, 200 टन मसूर मलका, 500 टन चावल एवं 500 टन आटा की मात्रा निर्धारित की गई है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने नैफेड को अपने आउटलेट पर इन खाद्य उत्पादों की बिक्री का दूसरा चरण आरंभ करने की अनुमति प्रदान की है और इसके लिए यह शर्त रखी है कि पिछले स्टॉक की पूरी मात्रा की बिक्री की जाए।
पहले चरण के मुकाबले दूसरे चरण के दौरान चावल, आटा, चना, चना दाल के उच्चतम खुदरा मूल्य में बढ़ोत्तरी की गई है जबकि मूंग दाल का भाव स्थिर रखा गया है और मसूर दाल को पहली बार इसमें शामिल किया गया है।
