नकली बीज एवं घटिया कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

01-Jan-2026 04:46 PM

नागपुर। केंद्र सरकार शीघ्र ही नकली एवं घटिया बीज तथा मिलावटी कीटनाशी रसायनों का निर्माण तथा कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और इसकी बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए एक मजबूत कानून बनाने जा रही है। इस कानून के अस्तित्व में आने के बाद यदि घटिया क्वालिटी के इनपुट की वजह से फसलों को नुकसान होता है तो उस इनपुट की निर्माता कंपनियों को सम्पूर्ण मुआवजे का भुगतान करने के लिए क़ानूनी रूप से जवाबदेह माना जाएगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कृषि विज्ञान केंद्र में शेतारी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रस्तावित बीज एवं कीटनाशी कानून में दोषी व्यक्तियों एवं कंपनियों के खिलाफ पैनल एवं आपराधिक कार्रवाई का भी प्रावधान होगा। घटिया बीज एवं कीटनाशकों से किसानों को अक्सर भारी नुकसान होता है इसलिए इस पर अंकुश लगाना अत्यंत आवश्यक है।

कृषि मंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत महाराष्ट्र को 21वीं क़िस्त के रूप में 367 करोड़ रुपए की राशी जारी करने की घोषणा की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इससे महाराष्ट्र के कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

भारतीय किसानों द्वारा लम्बे समय से नकली या मिलावटी बीज तथा घटिया कीटनाशी रसायनों के उत्पादन एवं विपणन पर रोक लगाए जाने की मांग हो रही है। देश के विभिन्न राज्यों में इसकी भरमार हो गयी है। अपेक्षाकृत सस्ता होने से छोटे-छोटे किसान इसकी खरीद कर लेते हैं जिसका उन्हें बाद में गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ता है। नकली बीज से खेतों में अंकुरण नहीं होता है जबकि घटिया कीटनाशक कीड़ों-रोगों की रोकथाम में कारगर साबित नहीं होता है। अब इस पर काफी हद तक अंकुश लगने की उम्मीद है।