नेपाल में पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का प्रस्ताव मंजूर
08-Jan-2026 08:55 PM
काठमांडू। क्रूड खनिज तेल (पेट्रोलियम) का आयात तथा प्रदूषण घटाने के उद्देश्य से नेपाल की संघीय सरकार ने पेट्रोल में एथनॉल का मिश्रण करने की अनुमति देने के एक प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है। फिलहाल पेट्रोल में 10 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण को मंजूरी दी गई है।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा पिछले दिनों इस आशय के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन (एनओसी) को पेट्रोल में एथनॉल मिलाने और उसे घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति प्राप्त हो गई। इससे तेल आयात पर खर्च में कमी आने की संभावना है।
हालांकि पेट्रोलियम उत्पादों में एथनॉल के मिश्रण के मुद्दे पर पहली चर्चा 20-21 साल पहले ही आरंभ हुई थी लेकिन किसी न किसी कारण से इसके बारे में निर्णय स्थगित होता रहा।
अब जाकर इस पर अंतिम फैसला हुआ है और इसे प्रभावी बनाने का आदेश भी दे दिया गया है। इस नए निर्णय के बाद अधिकारियों ने नेपाल पेट्रोल का आयात लगभग 70 लाख लीटर घट जाने का अनुमान लगाया है।
एनओसी के प्रबंध निदेशक का कहना है कि पेट्रोल में एथनॉल मिलाने की प्रक्रिया अब औपचारिक तौर पर आरंभ हो जाएगी।
कैबिनेट ने प्रस्ताव को स्वीकार तो कर लिया है लेकिन अभी तक कार्पोरेशन को लिखित रूप में इसकी सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
आधिकारिक आदेश प्राप्त होने के बाद देश में एथनॉल उत्पादन के लिए आवश्यक फ्रेम वर्क तैयार किया जायेगा और इसकी खरीद आरंभ की जाएगी।
एथनॉल के घरेलू उत्पादन एवं उपयोग के लिए अब वैधानिक आधार प्राप्त हो गया है। इससे ईंधन आयात पर निर्भरता घट जाएगी।
