निर्यात की स्वीकृति मिलने के बाद चीनी के घरेलू बाजार मूल्य में सुधार के संकेत
23-Jan-2025 08:16 PM
नई दिल्ली । केन्द्र सरकार द्वारा हाल ही में 10 लाख टन चीनी के निर्यात की स्वीकृति दिए जाने से इसके घरेलू बाजार भाव में लगभग 10 प्रतिशत तक का उछाल आ गया।
उधर वैश्विक बाजार में चीनी का दाम एक-दो दिन तक नीचे रहने के बाद अब पुनः सुधरने लगा है क्योंकि ब्राजील से निर्यात प्रभावित होने की आशंका है निर्यात की घोषणा होने से पूर्व यानी गत सप्ताह चीनी का एक्स फैक्टरी औसत मूल्य करीब 3300-3400 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा था जो अब बढ़कर 3700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है।
मिलर्स का कहना है कि निर्यात की घोषणा का चीनी के घरेलू बाजार मूल्य पर मनोवैज्ञानिक असर पड़ा है। इसके दाम में करीब 300 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हो चुका है जबकि इसका निर्यात ऑफर मूल्य उससे भी 200 रुपए प्रति क्विंटल ऊंचा चल रहा है। यदि चीनी का भाव इस स्तर पर भी स्थिर रहा तो यह उद्योग के लिए काफी राहत की बात होगी।
एक्स फैक्टरी स्तर पर निर्यात बाजार के लिए चीनी का दाम 3800-4000 रुपए प्रति क्विंटल के करीब चल रहा है। आगामी समय में इसका भाव नीचे आने की संभावना बहुत कम है।
कोल्हापुर (महाराष्ट्र) के एक ब्रोकर का कहना है कि चीनी के घरेलू बाजार मूल्य में कुछ दिनों के अंदर 300-350 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हो गया। मिलर्स वर्तमान मूल्य स्तर पर निर्यात के लिए चीनी बेचने के मूड में नहीं है और चाहते हैं कि निर्यात उद्देश्य के लिए उन्हें 4000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर का मूल्य प्राप्त हो।
इसके फलस्वरूप निर्यात उद्देश्य के लिए फिलहाल चीनी में कोई कारोबार नहीं हो रहा है। सभी पक्ष इंतजार करने के मूड में है।
वर्तमान समय में चीनी निर्यात के लिए वैश्विक बाजार की हालत भी पूरी तरह अनुकूल नहीं है। मिलर्स को भरोसा है कि अगले तीन-चार सप्ताहों में रमजान की मांग निकलने से चीनी का भाव सुधर सकता है और तब लाभप्रद मूल्य पर इसका निर्यात करना संभव हो जाएगा।
चीनी का निर्यात 30 सितम्बर 2025 तक किया जा सकता है इसलिए भारतीय मिलर्स एवं निर्यातक कुछ समय तक प्रतीक्षा कर सकते हैं।
