निर्यात मात्रा में कमी आने के बावजूद वियतनामी कालीमिर्च की निर्यात आय में वृद्धि

16-Jun-2025 05:47 PM

हो ची मिन्ह सिटी। हालांकि पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले चालू वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में यानी जनवरी-मई 2025 के दौरान वियतनाम से कालीमिर्च का निर्यात करीब 14 प्रतिशत घटकर 98,600 टन पर अटक गया मगर इससे होने वाली आमदनी 39 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि के साथ 68.44 करोड़ डॉलर पर पहुंच गई।

इसका प्रमुख कारण कालीमिर्च के फ्री ऑन बोर्ड औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य में इजाफा होना है। वर्ष 2024 के मुकाबले 2025 के आरंभिक पांच महीनों में यह ऑफर मूल्य 61 प्रतिशत उछलकर 6937.40 डॉलर प्रति टन की ऊंचाई पर पहुंच गया। 

वियतनामी कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि काले रंग की कालीमिर्च का औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य तो 6300/6400 डॉलर प्रति टन ही रहा मगर सफेद रंग वाली गोल मिर्च का ऑफर मूल्य उछलकर 9300 डॉलर प्रति टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ मई 2025 में ही वियतनाम को 25 हजार टन कालीमिर्च का निर्यात शिपमेंट करने का अवसर मिल गया जिसमें काली तथा सफेद- दोनों रंगों वाली गोल मिर्च शामिल थी। इस निर्यात से वियतनाम को 17.60 करोड़ डॉलर की आमदनी प्राप्त हुई। 

अमरीका, जर्मनी और भारत इस अवधि में वियतनामी कालीमिर्च के तीन शीर्ष खरीदार बने रहे। जनवरी-मई 2025 के दौरान वियतनाम से 26.1 प्रतिशत कालीमिर्च का निर्यात अमरीका को, 9.7 प्रतिशत का शिपमेंट जर्मनी को तथा 8.1 प्रतिशत का निर्यात भारत को किया गया।

जर्मनी में हुए निर्यात से आमदनी में सर्वाधिक 87.8 प्रतिशत का इजाफा हुआ जबकि भारत को हुए निर्यात से आय में 84.1 प्रतिशत और अमरीका को हुए शिपमेंट से आमदनी में 32.4 प्रतिशत की बढ़ोत्त्तरी दर्ज की गई। 

वियतनाम कालीमिर्च एवं मसाला संघ ने चेयरमैन के अनुसार वैश्विक बाजार में आपूर्ति का अभाव होने के बावजूद वियतनामी कालीमिर्च को काफी पसंद किया जा रहा है क्योंकि इसकी क्वालिटी में अब काफी सुधार आ गया है।